
सपा ने मुज्तबा सिद्दीकी को मैदान में उतारा।
Phulpur by-election 2024 । फूलपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने अपने अनुभवी नेता मुज्तबा सिद्दीकी को उम्मीदवार घोषित करके कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है। इस सीट पर कांग्रेस भी अपना उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही थी। सपा ने पहले ही मुज्तबा सिद्दीकी के नाम की घोषणा कर दी, जिससे चुनावी मुकाबला दिलचस्प हो गया है।
सपा के लिए एक बड़ी रणनीतिक चाल
फूलपुर उपचुनाव में मुज्तबा सिद्दीकी की दावेदारी सपा के लिए एक बड़ी रणनीतिक चाल है। उनके राजनीतिक अनुभव और क्षेत्र में प्रभाव को देखते हुए सपा को उम्मीद है कि वह इस बार जीत हासिल करेंगे। दूसरी ओर कांग्रेस के लिए यह सीट अब एक चुनौतीपूर्ण मुकाबला बन गई है। आगामी उपचुनाव में यह देखना दिलचस्प होगा कि जनता किसे अपना जनप्रतिनिधि चुनती है।
क्या है मुज्तबा सिद्दीकी का राजनीतिक करियर
मुज्तबा सिद्दीकी जो फूलपुर के वीरकाजी गांव के निवासी हैं। वह तीन बार विधायक रह चुके हैं। इसके पूर्व पहले दो बार सोरांव विधानसभा सीट से जीत दर्ज की थी। 2017 में वह बसपा के टिकट पर प्रतापपुर से विधायक बने थे। 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले सिद्दीकी का बसपा से मोहभंग हो गया था। उन्होंने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया। सपा ने उन्हें पिछले चुनाव में भी फूलपुर से उम्मीदवार बनाया था, लेकिन वह चुनाव हार गए थे।
सपा का सिद्दीकी पर दोबारा दांव
वर्ष 2022 में हार का सामना करना पड़ा था। फिर भी सपा ने मुज्तबा सिद्दीकी पर विश्वास जताते हुए उन्हें एक बार फिर से मैदान में उतारा है। उनका लंबा राजनीतिक अनुभव और स्थानीय पकड़ उन्हें एक मजबूत उम्मीदवार बनाती है। फूलपुर क्षेत्र में उनकी गहरी पकड़ और जनता से सीधा संवाद उन्हें सपा के लिए अहम उम्मीदवार बनाते हैं।
कांग्रेस को लगा बड़ा झटका
फूलपुर सीट पर सपा की घोषणा ने कांग्रेस को एक बड़ा झटका दिया है। कांग्रेस भी इस सीट से अपना प्रत्याशी उतारने की तैयारी में थी और इसके लिए कई नेताओं ने पार्टी में आवेदन भी किया था। हालांकि, सपा की ओर से प्रत्याशी की त्वरित घोषणा ने कांग्रेस को रणनीति बदलने पर मजबूर कर दिया है।
सपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला
फूलपुर विधानसभा सीट पर होने वाला उपचुनाव सपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला बन सकता है। मुज्तबा सिद्दीकी का नाम घोषित करके सपा ने अपने इरादे साफ कर दिए हैं कि वह इस सीट को जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक देगी।