
फूलपूर विधानसभा मेंराज्य मंत्री असीम ने कसा सपा पर तंज।
प्रयागराज [ TV 47 न्यूज नेटवर्क ]। फूलपुर विधानसभा उपचुनाव के तहत भाजपा ने सोमवार को समरसता सम्मेलन का आयोजन किया। आर्यन गेस्ट हाउस वीरभानपुर में आयोजित सम्मेलन के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार असीम अरुण ने समाजवादी पार्टी को आड़े हाथ लिया। बता दें कि प्रयागराज के फूलपूर विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव होना है।
इस दौरान उन्होंने कहा कि सपा सरकार में भ्रष्टाचार का बोलबाला था। अपराधी मनबढ़ थे। भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचारियों पर अंकुश लगाकर अपराधियों का सफाया किया है। भाजपा सरकार दलित व पिछड़ों को सबसे अधिक योजनाओं का लाभ देकर आगे बढ़ा रही है। भाजपा सरकार बंटवारे की राजनीति नहीं, बल्कि जोड़ने की बात करती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेसी नेता राहुल गांधी ने अमेरिका में आरक्षण को समाप्त करने की बात कही है, जबकि भाजपा उसे हर स्तर पर कायम रखेगी। दूसरी सरकारों में महिलाओं पर होने वाले अत्याचार पर न्याय नहीं मिलता था। भाजपा सरकार में त्वरित कार्रवाई कर दोषी को दंडित किया जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहा कि भाजपा एमएसएमई योजना के तहत लोगों को रोजगार देना चाहती है। जिससे सभी अपने उद्योग धंधे लगाकर समृद्धिशाली व स्वावलंबी बने। अनुसूचित जाति के लिए इसमें विशेष व्यवस्था एवं सब्सिडी सरकार की तरफ से दी गई है ताकि वे अपना व्यवसाय करते हुए आर्थिक रूप से मजबूत हों।
पूर्व सांसद केशरीदेवी पटेल ने कहा भाजपा सरकार अनुसूचित जाति के साथ वनवासी लोगों के लिए विशेष योजनाएं चलाकर उनके जीवन स्तर सुधारने में महत्वपूर्ण कार्य कर रही है।