
टीवी 47 न्यूज नेटवर्क।
बुलंदशहर, [ TV 47 न्यूज नेटवर्क ]। नकाबपोश बदमाशों ने पूर्व प्रधान की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस की जांच में पुरानी रंजिश में हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है।
अहमदगढ़ क्षेत्र के ग्राम ढकनंगला निवासी 55 वर्षीय पूर्व प्रधान रामवीर कश्यप पुत्र देवीराम गांव में खेतीबाड़ी करते थे। उनके दो पुत्र प्राइवेट नौकरी करते हैं। दोनों पुत्र का परिवार भी गांव में रहता है।
शुक्रवार की सुबह आठ बजे पूर्व प्रधान बाइक से दो पोती को अहमदगढ़ खेलिया रिवाड़ा संपर्क मार्ग पर स्थित प्राथमिक विद्यालय ढोगला हसनगढ़ में छोड़ने गए थे। लौटते समय बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे से पूर्व प्रधान के सीने व सिर में चार गोली मार दी।
गोली लगने से पूर्व प्रधान की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंचे एसपी देहात रोहित मिश्रा ने स्वजन से पूछताछ की। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व प्रधान भाजपा से जुड़े थे।
प्रदेश में बसपा के कार्यकाल के दौरान गांव के प्रधान रहे थे। कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि जांच में पुरानी रंजिश के चलते पूर्व प्रधान की गोली मारकर हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि स्वजन ने अभी तहरीर नहीं दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।