
PM मोदी को रूस के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान से नवाजा गया ।
नई दिल्ली [ TV47 न्यूज़ नेटवर्क ] प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रूस के सबसे प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान, ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल से सम्मानित किया गया। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मंगलवार को मोदी को यह सम्मान प्रदान किया। यह पुरस्कार रूस और भारत के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी विकसित करने और दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को बढ़ावा देने में प्रधानमंत्री मोदी के विशिष्ट योगदान को मान्यता देता है। इस पुरस्कार की स्थापना 1698 में ज़ार पीटर द ग्रेट ने रूस के पहले प्रेरित और संरक्षक संत सेंट एंड्रयू के सम्मान में की थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों रूस के दौरे पर हैं, आज वे यहां से ऑस्ट्रिया के लिए रवाना हो जाएंगे। इसी बीच उन्हें आज रूस के सबसे प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान (ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल) से सम्मानित किया गया। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने खुद अपने हाथों से पीएम मोदी को ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल पहनाकर ये सम्मान उन्हें दिया है। इसके बाद पीएम ने इस सम्मान को लेकर व्लादिमीर पुतिन का आभार प्रकट किया। बता दें कि यह समारोह सेंट एंड्रयू के ऑर्डर के भव्य हॉल में हुआ।
पीएम ने किया आभार
इस मौके पर आभार व्यक्त करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह सिर्फ मेरा सम्मान नहीं है, बल्कि 140 करोड़ भारतवासियों का सम्मान है। भारत और रूस की सदियों पुरानी गहरी मित्रता का उदाहरण है। यह हमारी स्पेशल प्रीविलेज पार्टनरशिप का भी सम्मान है। पिछले करीब ढाई दशक से आपके नेतृत्व में भारत-रूस के संबंध सभी दिशाओं में मजबूत हुए हैं।
क्या है यह पुरस्कार
ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल रूस में वीरता का सर्वोच्च आदेश है। इसे ज़ार पीटर द ग्रेट ने 1698 में सेंट एंड्रयू के सम्मान में शुरू किया था। सेंट एंड्रयू यीशु के बाद पहले संत थे। इनको रूस का संरक्षक संत माना जाता है। यह सम्मान मूल रूप से रूस के उत्कृष्ट नागरिक और सैन्य में उत्कृष्ट काम करने वाले और राज्य के लिए असाधारण सेवा के लिए व्यक्तियों को पुरस्कृत करने के लिए बनाया गया था। इस अवार्ड के प्रतीक चिन्ह में आमतौर पर एक नीला सैश, सेंट एंड्रयू का क्रॉस वाला एक बैज और छाती पर पहना जाने वाला एक स्टार भी शामिल होता है। 1917 में रूसी क्रांति के बाद इस आदेश को समाप्त कर दिया गया था, लेकिन सोवियत काल के बाद इसे फिर से शुरू किया गया।