
सांकेतिक फोटो।
मुजफ्फरनगर [ TV 47 न्यूज नेटवर्क ]। सोशल मीडिया पर धर्म विशेष के खिलाफ की गई एक आपत्तिजनक टिप्पणी के चलते मुजफ्फरनगर जिले के बुढ़ाना कस्बे में भारी तनाव पैदा हो गया। इस टिप्पणी के बाद नाराज लोग शनिवार रात विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़कों पर उतर आए। मामला तब और गंभीर हो गया जब आरोपी निखिल त्यागी की गिरफ्तारी के बाद उसे छोड़ने की अफवाह फैल गई, जिससे प्रदर्शनकारियों का गुस्सा और बढ़ गया।
क्या है मामला?
बुढ़ाना कस्बे के निवासी निखिल त्यागी ने सोशल मीडिया पर एक धर्म विशेष के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस टिप्पणी के चलते समुदाय विशेष के लोगों में नाराजगी फैल गई। जमीयत उलमा-ए-हिंद के शहर अध्यक्ष मुफ्ती नाजेर अहमद ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी निखिल त्यागी को गिरफ्तार कर लिया।
हालांकि, अफवाह फैल गई कि पुलिस ने निखिल त्यागी को रिहा कर दिया है, जिससे आक्रोशित लोगों ने कस्बे के कांधला रोड पर प्रदर्शन शुरू कर दिया और जाम लगा दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर समझाइश दी और जाम हटवाया।
पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा इंतजाम
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आदित्य बंसल ने बताया कि आरोपी निखिल त्यागी को गिरफ्तार कर लिया गया है और वह पुलिस हिरासत में है। उन्होंने बताया कि अफवाह फैलने से लोग नाराज होकर प्रदर्शन करने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें सही जानकारी दी और प्रदर्शन समाप्त कराया।
सुरक्षा की दृष्टि से, पुलिस ने बुढ़ाना कस्बे में फ्लैग मार्च किया और इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने की अपील
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर इस तरह की आपत्तिजनक टिप्पणियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिससे किसी भी तरह के तनावपूर्ण हालात से बचा जा सके।