
फाइल फोटो।
बुलंदशहर [ TV 47 न्यूज नेटवर्क ]। बुलंदशहर के विमला नगर कॉलोनी में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां छुट्टी पर घर आए एक फौजी गौरव सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गौरव सिंह भारतीय सेना की दो राजपूताना राइफल्स में कोलकाता में तैनात थे। वह अपने परिवार के साथ छुट्टियां बिता रहे थे। यह दुखद घटना बुधवार रात की है। यह घटना तब घटित हुई जब गौरव मोहल्ले की एक परचून की दुकान पर खड़े थे और अचानक उन पर दो बाइक सवारों ने हमला कर दिया।
कैलाश अस्पताल के डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया
गौरव सिंह (25) पर बाइक पर सवार दो अज्ञात हमलावरों ने गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल गौरव को तुरंत कैलाश अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गौरव इकलौते बेटे थे और उनकी शादी को सिर्फ दो साल हुए थे।
हत्या के पीछे क्या है कारण
गौरव के पिता सत्यवीर ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे का इलाके के बाबूलाल नामक व्यक्ति से रुपये को लेकर विवाद हुआ था। बाबूलाल पर गौरव के 1.20 लाख रुपये उधार थे, जिसे गौरव ने कुछ दिनों पहले वापस मांगा था। इसी विवाद के चलते यह घटना घटित हुई। पिता ने बाबूलाल और उसके एक अन्य साथी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू
पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी है। गौरव अपने परिवार का इकलौता सहारा थे और उनकी मौत ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है। उनके पिता सत्यवीर ने बताया कि गौरव की शादी को मात्र दो वर्ष ही हुए थे और वह परिवार के बेहद करीब थे।