
सपा विधायक महबूब अली के विवादित बयान
बिजनौर [ TV 47 न्यूज नेटवर्क ] । अमरोहा के सपा विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री महबूब अली ने रविवार को बिजनौर में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि मुसलमानों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने आगे कहा कि इस आबादी के चलते 2027 तक भाजपा का राज खत्म हो जाएगा।
उन्होंने आगाह किया कि जब 800 साल भारत पर राज करने वाले मुगल नहीं रहे तो भाजपा भी नहीं रह पाएगी। जनता जाग चुकी है। उधर, पुलिस ने इसे दो धर्मों के बीच घृणा फैलाने वाला बयान मानते हुए सपा विधायक पर मुकदमा दर्ज किया है।
सपा विधायक ने रविवार को बिजनौर के एक बैंकट हाल में आयोजित सपा संविधान मानस्तम्भ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए सरकार को चेतावनी दी कि 2027 में “तुम जाओगे जरूर, हम आएंगे जरूर”।
उनका यह वीडियो प्रसारित होने के बाद सोमवार को पुलिस की ओर से शहर कोतवाली में महबूब अली और सपा के जिलाध्यक्ष जाकिर हुसैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
कौन हैं सपा विधायक महबूब अली
महबूब अली उत्तर प्रदेश के अमरोहा से समाजवादी पार्टी के विधायक हैं। महबूब अली अपने सियासी करियर में कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। इनका नाम सपा के बड़े मुस्लिम चेहरों में शामिल है। महबूब अली साल 2002 में पहली बार विधायक चुने गए थे। इसी के बाद धीरे-धीरे इनका सियासी कद बढ़ता चला गया। वर्ष 2012 और 2017 में भी उन्होंने जीत हासिल की और विधायक बने।