
टीवी 47 न्यूज नेटवर्क।
गाजियाबाद, [TV 47 न्यूज नेटवर्क ]। लिंकरोड थाना क्षेत्र की एक कालोनी में 15 वर्षीय किशोरी से बुधवार को मुस्लिम युवक ने घर में घुसकर मारपीट कर दुष्कर्म किया। युवक कबाड़ की दुकान पर काम करता है। घटना के विरोध में हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों ने लिंक रोड थाना और सूर्य नगर पुलिस चौकी के पास जाम लगा दिया।
वहीं, कुछ लोगों ने कबाड़ की दुकान, बाहर खड़े ठेलों व ई-रिक्शा में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। पुलिस ने रात में लाठी फटकार जाम लगाने वालों को खदेड़कर जाम खुलवाया। देर रात तक घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर दुष्कर्म के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना क्षेत्र की कालोनी के एक व्यक्ति ने बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी बुधवार शाम को आठ वर्षीय भाई और एक आठ माह के बच्चे के साथ घर में थी। शाम लगभग साढ़े पांच बजे घर के पास स्थित कबाड़ की दुकान पर काम करने वाला मुस्लिम युवक उनके घर में घुस गया। आरोप है कि उसके पांच साथी घर के बाहर खड़े हो गए। युवक ने किशोरी से दुष्कर्म किया। विरोध करने पर बेटी और बेटे के साथ मारपीट की। बेटी का गला दबाया और उसके बाल पकड़कर घसीटा। जिससे बेटी बेहोश हो गई। आरोपित जान से मारने की धमकी देकर भाग गया।
घटना के बाद बेटे ने उन्हें इसकी सूचना दी। जिसके बाद वह घर पहुंचे। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। उन्होंने थाने में आरोपित युवक के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने दुष्कर्म सहित अन्य धारा में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है। किशोरी का मेडिकल कराया है।
तोड़फोड़ कर लगाई आग : दोपहर तीन से चार बजे के बीच कुछ लोग कालोनी स्थित कबाड़ की दुकान पर पहुंच गए। वहां खड़े ठेलों और दुकान में तोड़फोड़ कर दी। दुकान पर मौजूद लोग वहां से भाग गए। एक छोटा मालवाहक वाहन को पलट दिया और उसे तोड़ दिया। वहीं, एक ई-रिक्शा को आग लगा दी।
सूचना पर पुलिस वहां पहुंची तो आरोपित वहां से भाग गए। तोड़फोड़ करने वाले कौन लोग थे उनकी पहचान नहीं हुई है। तोड़फोड़ करते हुए कई वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुए हैं। जिसमें तोड़फोड़ करने वालों के चेहरे स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं।
बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे हिंदू संगठन के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग लिंक रोड थाना पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस से इस मामले में अन्य आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थाना के पास लिंक रोड पर जाम लगा दिया। लिंक रोड पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। पुलिस अधिकारियों ने समझाकर उनको शांत किया। इसके बाद सभी लोग थाने से चले गए। कुछ लोग फिर से दोपहर साढ़े तीन बजे सूर्यनगर चौकी के सामने पहुंच गए।
उन्होंने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। चौकी के सामने सड़क पर जाम लगा दिया। महिलाओं ने हाथ में बैनर लेकर प्रदर्शन किया। आरोपितों को फांसी की मांग की गई। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त दिनेश कुमार पी, पुलिस उपायुक्त ट्रांस हिंडन निमिष कुमार पाटील, सहायक पुलिस आयुक्त साहिबाबाद रजनीश कुमार उपाध्याय मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद भी लोग सड़क से नहीं हटे तो रात में पुलिस ने लोगों को लाठी फटकार कर सड़क से तितर-बितर किया। इसके बाद जाम से जूझ रहे लोगों को राहत मिली।
किशोरी के पिता ई-रिक्शा चलाते हैं। मां की मौत हो चुकी है। किशोरी के चार भाई हैं। इसी मकान में उसके दो चाचा अपनी पत्नी और बच्चों के साथ किराये पर रहते हैं। एक चाचा के तीन बच्चे और दूसरे चाचा के एक बच्चा है। बताया गया कि घटना के दौरान एक भाई और एक बच्चा घर पर था।
स्वजन की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। लोगों ने सूर्यनगर पुलिस चौकी के सामने सड़क जाम किया था। इससे आमजन को परेशानी हो रही थी। देर रात को लाठी फटकार कर लोगों को सड़क से खदेड़ा गया। कबाड़ की दुकान में तोड़फोड़ आगजनी करने वालों की पहचान की जा रही है। पुलिस की ओर से उपद्रव करने व जाम लगाने वालों पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
-रजनीश कुमार उपाध्याय, सहायक पुलिस आयुक्त, साहिबाबाद