
यूपी पुलिस फाइल फोटो।
प्रयागराज [TV 47 न्यूज नेटवर्क]। शहर में दो सगी बहनों को नशीला कोल्ड ड्रिंक पिलाकर बड़ी बहन को गायब करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। लड़की के पिता की तहरीर पर सिविल लाइंस पुलिस ने बरेली और बदायूं निवासी दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस गायब लड़की की तलाश में जुट गई है। हालांकि, अब तक कुछ पता नहीं चल सका है।
बताया गया है कि महेशगंज प्रतापगढ़ निवासी एक व्यक्ति की दो बेटियां मथुरा स्थित निजी कंपनी में काम करती हैं। कुछ दिन पहले वह दोनों मथुरा से ट्रेन पर सवार होकर प्रयागराज जंक्शन पहुंची। तभी उसी कंपनी में काम करने वाला कर्मचारी बरेली निवासी गजेंद्र और बदांयू का धर्मेंद्र भी ट्रेन से उतरे। आरोप है कि युवकों ने दोनों बहनों को नशीला पदार्थ पिला दिया। इसके बाद चारों लोग आटो से सिविल लाइंस बस स्टैंड पहुंचे। इसी दौरान छोटी बहन को दूसरी बस में बैठाकर कहा गया कि वह लोग पानी, नमकीन लेकर आ रहे हैं। कुछ देर बाद बड़ी बहन और दोनों युवक गायब हो गए।
बड़ी बहन के पास 20 हजार रुपये नकद, जेवरात और दूसरा सामान था। छोटी बहन ने अपने पिता को घटना के बारे में बताया तो वह सिविल लाइंस थाने पहुंचे और तहरीर दी। छोटी बहन ने युवकों पर अश्लील हरकत करने का भी आरोप लगाया। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस रामाश्रय यादव का कहना है कि लड़की अपने प्रेमी के साथ गई है। उसकी तलाश की जा रही है।