
नोएडा पुलिस ने इस गिरोह के योगेन्द्र उर्फ अनीस, मनोज उर्फ रिजवान, कोमल उर्फ ज्योति को गिरफ्तार किया
नोएडा [ TV 47 न्यूज नेटवर्क ]। नोएडा पुलिस ने गल्फ देशों में नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस गिरोह के सदस्य लोगों को दुबई, सऊदी अरब, अजरबैजान, आयरलैंड, ओमान जैसे देशों में भेजने का झूठा वादा करते थे। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया, जिनमें एक महिला भी शामिल है।
कैसे काम करता था गैंग?
नोएडा सेक्टर-63 स्थित एच-73 ग्लोबल ट्रैवल्स नामक कंपनी के जरिए ये गिरोह काम करता था। इस गैंग ने पिछले तीन महीनों में 250 लोगों को ठगने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, ये लोग सोशल मीडिया के जरिए अपनी फर्जी कंपनी का प्रचार करते थे और लोगों को आकर्षित करने के लिए वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़ते थे।
फर्जी वीजा और टिकट का खेल
एक बार लोग इनके जाल में फंस जाते, तो ये उनसे 1 लाख रुपए तक की राशि वसूलते थे। इसके बाद उन्हें फर्जी अपॉइंटमेंट लेटर और वीजा भेजकर विदेश जाने का झूठा आश्वासन दिया जाता था। ठगी का शिकार हुए लोग जब एयरपोर्ट पर पहुंचते, तो उन्हें पता चलता कि टिकट फर्जी है।
सभी पासपोर्ट डिस्ट्रॉय किए
गिरोह के सदस्य लोगों से पासपोर्ट लेकर फर्जी वीजा तैयार करते थे और ठगी के बाद सभी पासपोर्ट को डिस्ट्रॉय कर देते थे। पूछताछ में बताया गया कि ये लोग फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसी सोशल मीडिया साइट्स पर अपनी कंपनी के नाम से विज्ञापन चलाते थे।
पुलिस की सफलता
नोएडा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर इस गिरोह के योगेन्द्र उर्फ अनीस, मनोज उर्फ रिजवान, और कोमल उर्फ ज्योति को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 6.90 लाख रुपए, 5 मोबाइल और अन्य सामग्री बरामद की गई है।