
Amroha News File Photo
अमरोहा[TV 47 न्यूज़ नेटवर्क] हसनपुर से भाजपा विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी के मामा की बुधवार रात करीब 12 बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई। मामला हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के घंसूरपुर गांव का है। विधायक के सगे मामा सत्य प्रकाश खड़गवंशी (72 वर्ष) गांव के बाहरी छोर पर पशुशाला में सो रहे थे। रात करीब 12 बजे बदमाशों ने उनके गोली मार दी। फ़ायर की आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए। नजदीक जाकर देखा तो वह खून से लथपथ थे। उन्हें हसनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने जिला अस्पताल को रेफर कर दिया। यहां पर भी आपरेशन न होने पर स्वजन मुरादाबाद ले गए।वहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस हत्या का कारण तलाश रही है। परिवार के लोग किसी से रंजिश की बात से इन्कार कर रहे हैं। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि बुजुर्ग किसान की गोली मारकर हत्या करने के मामले में सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।