
Typhoon Shanshan News File Photo
नई दिल्ली[TV 47 न्यूज़ नेटवर्क ] जापान के कागोशिमा प्रांत में गुरुवार को आए शानशान तूफान के कारण भारी बारिश और तेज हवाएं चलीं। इससे अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है और 82 घायल हो गए। जापान की स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ये तूफान बीते गुरुवार को स्थानीय समयानुसार शाम 5:50 पर आया। इस शक्तिशाली तूफान के कारण मियाजाकी और कागोशिमा प्रांतों में 79 लोग घायल हो गए, जबकि मी प्रांत में एक व्यक्ति घायल हो गया। इस बीच, कागोशिमा के निकट 60 साल के एक बुजुर्ग व्यक्ति जहाज से गिर गए जिससे उनकी मौत हो गई।
ये तूफान इतना तेज था कि यहां के सैकड़ों मकान ढह गए, इनमें आधे से ज्यादा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस तूफान के चलते प्रभावित इलाकों से लगभग 50 लाख लोगों को दूसरी जगहों पर शिफ्ट किया जा रहा है। रात भर तबाही मचाने के बाद ये तूफान सुबह लगभग 8 बजे कमजोर हो गया। वहीं संचार सेवाएं बाधित हो गईं और बड़े पैमाने पर बिजली और पानी की आपूर्ति बाधित हो गई। इसके कारण क्यूशू शिंकानसेन, सैन्यो और टोकाईदो शिंकानसेन के कुछ हिस्सों की रेल सेवा स्थगित कर दी गई हैं तथा अनेक उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। तूफान ने रसद और वितरण सेवाओं को भी प्रभावित किया।
इसके कारण कागोशिमा और मियाजाकी में 50 से अधिक सुपरमार्केट और 900 से अधिक सुविधा स्टोर अस्थायी रूप से बंद हो गए। गुरुवार को ही जापानी प्रधान मंत्री फूमिओ किशिदा ने एक कैबिनेट बैठक बुलाई। इसमें नागरिकों से भारी वर्षा, भूस्खलन और नदी में बाढ़ जैसे संभावित खतरों के प्रति सतर्क रहने का आग्रह किया गया। तूफान शानशान के शुक्रवार से धीरे-धीरे पूर्व की ओर बढ़ने तथा संभावित रूप से और अधिक व्यवधान उत्पन्न करने की आशंका है। जनता को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।