
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक।
उन्नाव, [ TV 47 न्यूज नेटवर्क ]। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि जिला मुख्यालय पर न रहने वाले स्वास्थ्य अधिकारियों को चिह्नित करा कार्रवाई की जाएगी। उन्नाव के जिला महिला और जिला पुरुष अस्पताल के सीएमएस की जिला मुख्यालय पर न रहने की शिकायतें आ रहीं हैं। आकस्मिक चेकिंग करा अगर मुख्यालय पर नहीं मिले तो कार्रवाई की जाएगी।
उप मुख्यमंत्री शुक्रवार को हसनगंज क्षेत्र के कुंवर राम भरोसे सिंह महाविद्यालय में आयोजित भाजपा नेता नीरज सिंह की माता के तेरहवीं संस्कार में पहुंचे थे। उन्होंने दिवंगत के मां के चित्र पर पुष्प अर्पित कर आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इसके बाद उन्होंने बीआरसी परिसर में स्थित प्राथमिक विद्यालय पहुंचकर डिजिटल क्लास का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि मानक विहीन नर्सिंगहोम के संचालन की शिकायतें भी आ रही हैं। सीएमओ को अभियान चलवा कार्रवाई करने के लिए कहा है। उप मुख्यमंत्री के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी भी मौजूद रहे।