
बागपद परीक्षा केंद्र पर यशोदा।
बागपत, [TV 47 न्यूज नेटवर्क]। आज उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा है। यह परीक्षा दो पालियों में होगी। पिछली बार पेपर लीक से सबक लेते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। यूपी के बागपत जिले में पुलिस परीक्षा केंद्र में एक खास महिला भर्ती केंद्र पर पहुंची है। परीक्षार्थी का नाम यशोदा है। दस दिन पूर्व यशोदा को ऑपरेशन से बेटा हुआ था। वह अपने पति के साथ अलीगढ़ से बागपत यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा देने पहुंची है।
परीक्षा केंद्र पर पहुंचे लोग यशोदा के हौसले की दाद दे रहे हैं। यशोदा को उम्मीद है कि वह लिखित परीक्षा उत्तीर्ण कर लेगी। यशोदा का आत्मविश्वास देखने लायक है। टीवी 47 से खास बातचीत में उसने बताया कि वह सकारात्मक सोचती है। उन्होंने कहा परिस्थितियों से लड़ना आना चाहिए। हम अपने नवजात के लिए एक बेहतर जीवन के लिए प्रयास कर रहे हैं। यशोदा ने इस परीक्षा के लिए खास तैयारी की है।
यशोदा ने दो वर्ष पूर्व से पुलिस की तैयारी शुरू कर दी थी। उन्होंने कहा कि यह संयोग था कि परीक्षा के दौरान नवजात का जन्म हुआ है। उन्होंने कहा कि हमारी तैयारी पूरी है। इसलिए वह परीक्षा में शामिल होने आई है। इस मामले में उसने अपने पति को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि वह परीक्षा में इसलिए भी शामिल होना चाहती है, क्योंकि अगर यह परीक्षा छूट गई तो न जाने कब पुलिस की भर्ती आएगी। इसलिए वह एक अच्छा मौका है। वह इस अवसर को हाथ से नहीं जाने देना चाहती है।