
सपा प्रमुख अखिलेश यादव और डिंपल यादव। फाइल फोटो।
इटावा [TV 47 न्यूज नेटवर्क]। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि समाजवादी पार्टी के पीडीए के नारे ने केंद्र की दिल्ली सरकार को नियंत्रण में कर लिया है। इसी नारे से सपा को संसदीय चुनाव में खासी कामयाबी मिली है। इस नारे को भूलना नहीं है इसको आगे बढ़ाने में सभी कार्यकर्ता जुटें। प्रदेश में भी अगली सरकार सपा की बनेगी। वे रक्षाबंधन के अवसर पर सैफई स्थित सपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने केंद्र और यूपी की भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि पहले यह लोग समाजवादियों को मुस्लिम यादव गठजोड़ बोलकर आड़े हाथों लेते थे, लेकिन इस बार पीडीए ने एमवाई यानी मोदी योगी को हरा दिया। जब भी सपा की सरकार बनेगी हम पीडीए की सुरक्षा, सम्मान को बढ़ाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक प्रदेश के लोगों को एक समान नहीं लाया जाएगा तब तक प्रदेश तरक्की नहीं कर सकता है।
अखिलेश ने कहा कि आज हमने बहनों से राखी बंधवाकर उनकी रक्षा का संकल्प लिया है। सपा ने हमेशा महिलाओं को आगे बढ़ाया है। मुलायम सिंह यादव ने महिलाओं की शिक्षा पर खासा ध्यान दिया। सपा की सरकार बनने पर आधी आबादी की तरक्की व सुरक्षा के लिए कार्य किया जाएगा।