
CM Yogi Adityanath File Photo
लखनऊ [ TV 47 न्यूज़ नेटवर्क ] जीवन पुष्प चढ़ा चरणों में, मांगे मातृभूमि से यह वर, तेरा वैभव अमर रहे मां, हम दिन चार रहें न रहें… इस संकल्प के साथ देश की स्वतंत्रता के लिए फांसी के फंदे पर झूलना स्वीकार करने वाले क्रांतिकारी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। यह संकल्प हर देशवासी को लेना चाहिए। सभी राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ राष्ट्रीय अखंडता को बरकरार रखें तो दुनिया की सबसे बड़ी ताकत बनने से भारत को कोई रोक नहीं सकता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को काकोरी ट्रेन एक्शन के शताब्दी वर्ष महोत्सव व वीरों को नमन कार्यक्रम में यह आह्वान किया।
इस मौके पर उन्होंने काकोरी ट्रेन एक्शन के क्रांतिकारियों व कारगिल युद्ध के बलिदानियों के पारिवारीजन को सम्मानित किया।
काकोरी शहीद स्मारक स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें आजादी अचानक नहीं मिली। इसके लिए अलग-अलग कालखंडों में संघर्ष किया गया था। स्वतंत्रता आंदोलन का केंद्र बिंदु वैसे तो पूरा भारत था, लेकिन देश की आध्यात्मिक-सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक उत्तर प्रदेश प्रथम स्वतंत्रता समर को लीड कर रहा था।
मंगल पांडेय ने बैरकपुर से इसकी अगुवाई की। गोरखपुर में बंधु सिंह, मेरठ में धन सिंह कोतवाल, कानपुर में नाना साहेब व तात्या टोपे और झांसी में महारानी लक्ष्मीबाई ने आजादी के आंदोलन का नेतृत्व किया। क्रांतिकारी गतिविधियों के लिए धन की आवश्यकता थी तो वीर सपूतों ने काकोरी ट्रेन एक्शन किया। एक्शन में अंग्रेजी सरकार के खजाने से 4,679 रुपये क्रांतिकारियों ने लिए थे।
उन्हें गिरफ्तार करने और सजा दिलाने में 10 लाख रुपये खर्च किए गए थे। क्रांतिकारियों को बिना सुनवाई के ही फांसी की सजा सुना दी गई। अंग्रेजी सरकार इस कदर घबराई हुई थी कि नियत तिथि से पहले ही काकोरी ट्रेन एक्शन के महानायकों को फांसी पर लटका दिया। यह उनकी कायरता का परिचय था।
मुख्यमंत्री योगी ने देश को सशक्त बनाने को जीवन का एक ध्येय लेकर चलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जो संकल्प लेकर क्रांतिवीर आजादी के लिए लड़े थे, उन्हीं के कर्तव्यों का पालन करते हुए देश को सशक्त बनाया जा सकता है। जाति-मजहब या व्यक्तिगत हित राष्ट्र से बढ़कर नहीं हो सकता। सभी नागरिक कर्तव्य का पालन करें। कार्यक्रम को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने भी संबोधित किया।
फहराएंगे 4.50 करोड़ तिरंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि 13 से 15 अगस्त तक तिरंगा अभियान चलाया जाएगा। प्रदेश में 4.50 करोड़ तिरंगा घर-घर फहराने का लक्ष्य रखा गया है। इसे पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।