
फाइल फोटो।
नोएडा [TV 47 न्यूज़ नेटवर्क]। नोएडा सेक्टर 19 स्थित सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय के बाहर समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को करणी सेना और भाजपा के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह विरोध प्रदर्शन सांसद रामजीलाल सुमन पर हाल में हुए हमले के विरोध में आयोजित किया गया।
हमले के विरोध में सड़क पर उतरे सपा कार्यकर्ता
सपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि सांसद रामजीलाल सुमन पर हमला लोकतंत्र पर हमला है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है।
करणी सेना और भाजपा के खिलाफ नारेबाज़ी
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने करणी सेना और भाजपा के खिलाफ नारेबाज़ी की। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि यह हमला राजनीतिक प्रतिशोध की मानसिकता का हिस्सा है, और इसके पीछे संगठनों को संरक्षण प्राप्त है।
प्रदर्शन स्थल पर पुलिस बल तैनात
स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात किया।
ACP प्रथम खुद मौके पर मौजूद रहे और स्थिति की निगरानी करते रहे। सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय के आसपास का इलाका अस्थायी रूप से बैरिकेडिंग कर बंद किया गया।
प्रशासन ने संभाली कमान
प्रशासन ने प्रदर्शन को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी एहतियात बरते। अधिकारियों ने सपा प्रतिनिधियों से मुलाकात कर ज्ञापन लिया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।