
Structural consultant and contractor arrested File Photo
नई दिल्ली[TV 47 न्यूज़ नेटवर्क ] महाराष्ट्र के राजकोट किले पर मराठा योद्धा शिवाजी महाराज की प्रतिमा ढहने के मामले में स्ट्रक्चरल कंसल्टेंट चेतन पाटिल और एक ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके खिलाफ हत्या के प्रयास और धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
कोल्हापुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि सिंधुदुर्ग के मालवण में राजकोट किले पर गिरी शिवाजी महाराज की मूर्ति के संरचनात्मक सलाहकार चेतन पाटिल को कोल्हापुर से गिरफ्तार किया गया है। कोल्हापुर पुलिस की स्थानीय क्राइम ब्रांच टीम ने पाटिल का पता लगाने के लिए अभियान चलाया था। शुक्रवार को आधी रात के बाद लगभग 12.30 बजे कोल्हापुर से गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों ने बताया है कि पाटिल को सिंधुदुर्ग पुलिस को सौंप दिया गया है। उन्हें आज सिंधुदुर्ग लाया जाएगा। इस मामले में सिंधुदुर्ग पुलिस ने ठेकेदार को भी गिरफ्तार किया है।
मराठा राजा छत्रपति शिवाजी महाराज की 35 फुट ऊंची प्रतिमा 26 अगस्त को दोपहर में अचानक ढह गई
इस संबंध में सिंधुदुर्ग पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109, 110, 125, 318 और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार आज शिवाजी महाराज की मूर्ति गिरने की घटना के बाद राजकोट किले पर पहुंचे- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने गुरुवार को कहा कि राज्य सरकार छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के पुनर्निर्माण के लिए युद्ध स्तर पर निर्णय ले रही है। शिवाजी महाराज की प्रतिमा गिरने की जांच के लिए और फिर से भव्य प्रतिमा स्थापित करने के लिए दो समितियों का गठन किया गया है। उन्होंने विपक्षी दलों से इस मामले का राजनीतिकरण नहीं करने की भी अपील की।