
CM Yogi Adityanath File Photo
लखनऊ [TV 47 न्यूज़ नेटवर्क ] उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने यूपी में लगातार सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री बने रहने का नया रिकॉर्ड बना दिया है। उन्होंने अखिलेश यादव, मुलायम सिंह यादव और मायावती जैसे पूर्व नेताओं को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की है। योगी आदित्यनाथ ने 7 साल 148 दिन तक मुख्यमंत्री पद पर बने रहने का रिकॉर्ड बनाया है, जो कि यूपी के राजनीतिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
इससे पहले कांग्रेस के मुख्यमंत्री डॉक्टर संपूर्णानंद ने यूपी में सबसे लंबा कार्यकाल निभाया था। योगी आदित्यनाथ की यह सफलता उनकी प्रशासनिक क्षमता और उत्तर प्रदेश की राजनीति में स्थिरता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इतना ही नहीं योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के विधान भवन पर लगातार आठवीं बार ध्वजारोहण करने वाले पहले मुख्यमंत्री भी बन गए हैं।
पाठकों को बता दें की इस लिस्ट में अब क्षेत्रीय पार्टियों के नेता चौधरी चरण सिंह, मुलायम सिंह यादव, मायावती और अखिलेश यादव सीएम योगी के आस-पास भी नहीं दिखाई पड़ते। मायावती ने चार बार और मुलायम सिंह ने तीन बार शपथ ली, लेकिन फिर भी इस रिकॉर्ड को नहीं तोड़ पाए। इतना ही नहीं सीएम योगी की गिनती उन नेताओं में होती है, जिनके नेतृत्व में प्रदेश में किसी पार्टी की लगातार दूसरी बार सरकार बनी। 25 मार्च 2022 को जब योगी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली तो उन्होंने नारायण दत्त तिवारी का 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा था। नारायण दत्त ने वर्ष 1985 में अविभाजित उत्तर प्रदेश में दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
लगातार आठवीं बार फहराया तिरंगा
इतना ही नहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वतंत्रता दिवस पर उत्तर प्रदेश के विधान भवन में बतौर मुख्यमंत्री लगातार आठवीं बार झंडारोहण करने वाले पहले मुख्यमंत्री भी बन गए हैं। वैसे तो बसपा सुप्रीमो मायावती ने चार बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और उनका पूरा कार्यकाल सात वर्ष, 16 दिन का था। लेकिन वह लगातार नहीं था। मायावती ने अपने चार बार के कार्यकाल में आठ बार ध्वजारोहण किया। इसके अलावा मुलायम सिंह यादव तीन बार मुख्यमंत्री बने. इस दौरान मुलायम सिंह यादव का कुल कार्यकाल छह वर्ष 274 दिन का रहा था।