
प्रतापगढ़ [TV 47 न्यूजनेटवर्क] : उप चुनाव के पहले प्रतापगढ़ में राजनीति गरमा गई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री के एक बयान पर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने प्रदेश में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा है। हालांकि, अभी तक इस मामले में भाजपा संगठन का कोई बयान नहीं आया है। भाजपा के पूर्व मंत्री के इस बयान से प्रदेश की योगी सरकार कटघरे में खड़ी हो गई है, जो सूबे में भ्रष्टाचार मुक्त होने का दावा करती रही है। आइए जानते हैं कि आखिर पूरा मामला क्या है। पूर्व मंत्री का यह बयान कैसे वायरल हुआ। पूर्व मंत्री ने ऐसा क्या कहा जो विपक्ष को मुद्दा मिल गया।
दरअसल, भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व ग्राम्य विकास मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह के भाषण का एक वीडियो वायरल हुआ है। मोती सिंह का यह वीडियो विपक्ष के हाथ लग गया। विपक्ष ने इस वीडियो में योगी सरकार को घेरने का मसाला खोज लिया। मोती सिंह ने पट्टी के मतदाता अभिनंदन समारोह में गुरुवार को कार्यकर्ताओं एवं मतदाताओं के बीच अपने दिए भाषण में तहसील एवं थानों में भ्रष्टाचार की बात कह गए। शायद वह यह भूल गए कि सूबे में उनकी ही सरकार है। अगर तहसील और थाने में भ्रष्टाचार है तो इसके लिए कहीं न कहीं सरकार भी कटघरे में है।
आखिर क्या कहा मोती सिंह ने ….
प्रसारित वीडियो में वह कह रहे हैं कि उन्होंने अपने 42 साल के राजनीतिक जीवन में थानों व तहसीलों में ऐसा भ्रष्टाचार कभी नहीं देखा, न सुना। यह अकल्पनीय है। वहां जाने पर अधिकारी लोगों से ठीक से बात नहीं कर रहे। बिजली वाले ऐसे धावा बोलते हैं, जैसे लूटने आए हों। मतदाताओं का अभिनंदन केवल बोलने से नहीं होगा, जब उनके माथे का चंदन यानी मान-सम्मान हम बचा सकें, तभी उनका वास्तविक अभिनंदन होगा। उनके इस बयान पर पूर्व सीएम अखिलेश यादव तीखी टिप्पणी की है।
क्या कहा अखिलेश ने…
शुक्रवार को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित इस वीडियो पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार को एक्स पर तल्ख टिप्पणी करके घेरा है। जब भाजपा राज में तहसील और थाने के अभूतपूर्व रिकार्डतोड़ भ्रष्टाचार पर भाजपा के लोग ही प्रमाण पत्र बांट रहे हैं तो क्या इस अकल्पनीय भाजपाई भ्रष्टाचार पर कार्रवाई करने के लिए कुछ और सबूत चाहिए।