
UP Deputy CM Brijesh Pathak in Unnao file photo
उन्नाव [TV 47 न्यूजनेटवर्क ]। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक शनिवार को अपराह्न ट्रांसगंगा सिटी परिसर पहुंचे। पाठक ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा-सुरक्षा के लिए सभी को अधिक से अधिक पौधों को रोपित करना अपनी जिम्मेदारी समझना चाहिए, जिससे पर्यावरण स्वस्थ और स्वच्छ रहे।
उन्होंने कहा कि पौधरोपण के साथ उनकी परवरिश भी जरूरी है। जिससे वह वृक्ष बनकर पर्यावरण को स्वस्थ रख सके। इस दौरान उन्होंने पीपल, बरगद व पाकड़ आदि के पौधे रोपित किए। वन विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में 10 हजार पौधों को रोपित करने की बात कही गई है।
उन्होंने शुक्लागंज में जाम की समस्या को देखते हुए एक और पुल बनवाए जाने की बात कही है। उन्होंने जिलाधिकारी से कहा शुक्लागंज में रोजाना लगने वाले जाम की समस्या से छुटकारे के लिए गंगा नदी में एक और पुल बनवाए जाने की बहुत आवश्यकता है। कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राएं व एनसीसी कैडेट्स भी मौजूद रहे। उन्होंने भी पौधरोपण किया।
इस अवसर पर जन प्रतिनिधियों में भाजपा जिला अध्यक्ष अवधेश कटियार, जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह, सदर विधायक पंकज गुप्ता, डीएम गौरांग राठी व एसपी सिद्धार्थ शंकर मीना समेत अन्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।