
Saturn Transit 2024:30 जून से इन तीन राशियों पर शनि देवता का प्रकोप बढ़ेगा, जानें क्या है बचने के उपाय
लखनऊ [TV 47 न्यूजनेटवर्क]। What is the effect of Saturn transit 2024: 30 जून को शनि की चाल में परिवर्तन होने जा रहा है। इस परिवर्तन का असर सभी 12 राशियों पर पड़ेगा। हालांकि, तीन राशियों पर शनि का ज्यादा प्रकोप रहेगा। आखिर शनि के प्रकोप से बचने का क्या उपाय है। क्या शनि के प्रकोप से बचा जा सकता है। इस पर ज्योतिषाचार्यों की क्या राय है। वह इसका क्या निदान बताते हैं।
लखनऊ के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पंडित राम प्रकाश शुक्ल का कहना है कि शनि ग्रह न्याय के भी देवता हैं। उनका कहना है कि इस कलयुग में शनि का प्रभाव भी अधिक माना जाता है। इसलिए वह सभी राशियों के जातकों को कर्म के अनुसार ही फल प्रदान करते हैं। पंडित राम प्रकाश का कहना है कि शनि की चाल में जब भी परिवर्तन आता है तो उसका प्रभाव सभी 12 राशियों के जातकों के जीवन पर देखने को मिलता है। 30 जून को शनि की चाल बदलने वाली है, जिसका प्रभाव जुलाई महीने के प्रारंभ से ही देखने को मिलने वाला है।
उन्होंने कहा कि शनि ग्रह सबसे धीमी गति से राशि परिवर्तन करते हैं। शनि अभी कुंभ में हैं। इसी राशि में शनि 30 जून को वक्री हो जाएंगें। शनि के वक्री होने पर 12 राशियों पर इसका प्रभाव पड़ने वाला है। यह प्रभाव शुभ और अशुभ दोनों तरह के हो सकते है। इस बार विशेष रूप से तीन राशियों के लिए यह प्रभाव कठिन समय लेकर आने वाला है।
जानें, किन इन राशियों पर पड़ेगा ज्यादा प्रभाव
तुला: शनि के वक्री होने पर तुला राशि वालों को भी दिक्कत हो सकती है। इस राशि के लोगों को कई तरह की दिक्कत हो सकती है। जीवनसाथी के साथ गहरे मतभेद उभर सकते हैं। इस राशि के जातकों का अनावश्यक खर्च बढ़ेगा। अत्यधिक खर्च से मन परेशान रह सकता है। सेहत पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। स्वास्थ्य खराब हो सकता है। अस्पताल जाने की नौबत आ सकती है। व्यापार में नुकसान होने की प्रबल संभावना है। इस राशि के जातको को किसी के ऊपर भी आंख बंद करके भरोसा नहीं करना चाहिए। कार्य में बाधा उत्पन्न होगी। इसके चलते तुला राशि के जातकों का कोई भी कार्य समय पर पूरा नहीं हो सकेगा। इसका असर छात्रों पर भी पड़ेगा। छात्रों का पढ़ाई में मन नहीं लगेगा।
मेष: मेष राशि वालों पर इसका प्रतिकूल असर देखने को मिलेगा। जिंदगी में दिक्कतें बढ़ सकती हैं। परिवाद में छोटी-छोटी बातों को लेकर कलह और विवाद शुरू हो सकता है। इसके चलते मानसिक तनाव बढ़ेगा। कोई भी कार्य पूरा करने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ सकती है। शत्रु हावी होने की कोशिश करेंगे। कई क्षेत्रों में आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ सकता है। समय-समय पर अनावश्यक यात्रा करनी पड़ेगी।
कुंभ: इस राशि के जातकों पर शनि के दुस्प्रभाव देखने को मिलेगा। कोर्ट-कचहरी के मामलों में फैसला पक्ष में नहीं रहेगा। कुंभ राशि के जातकों पर किसी विवाद में बिल्कुल न पड़ें, अन्यथा फंस सकते हैं। इससे मानसिक तनाव बढ़ सकता है। वाहन संभल कर चलाएं। चोट-चपेट की संभावना है। व्यर्थ के विवाद से बचें। कोई भी नए कार्य की शुरुआत नहीं करें। आर्थिक तंगी आ सकती है।
बचने के लिए करें ये उपाय
शनि के प्रकोप से बचने के लिए प्रत्येक शनिवार को शनि देवता को तिल के तेल का दिया जलाएं। शनि देव को सरसों तेल से स्नान कराएं। शनि चालीसा का पाठ करें। शनिवार को सुंदरकांड का पाठ जरूर करें। ऐसा करने से शनि का नकारात्मक प्रभाव कम होगा।