
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी की फाइल फोटो।
मुरादाबाद [ TV 47 न्यूज नेटवर्क ]। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने एक साथ कांग्रेस और समाजवाी पार्टी को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश को कमजोर करने का षड्यंत्र करने वालों का सहयोगी हैं। इसके साथ ही सपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशान साधा और समाज को बांटने और भ्रम फैलाने की बात कही।
मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाती है सपा
वे मुरादाबाद में गुरुवार को भाजयुमो की ओर से आयोजित युवा सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने पहुंचे थे। पत्रकारों से वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने जनता के हित में जमीनी स्तर पर कोई कार्य नहीं किया, इसलिए केवल भ्रम फैला रहे हैं। यह उनका एजेंडा है।
इसी एजेंडे के तहत वह मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगा रहे हैं, जो झूठ साबित हुआ। उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास नहीं है मतदाता सूची में नाम काटे जाने का वह दुष्प्रचार कर रहे हैं क्योंकि उन्हें मालूम है कि जनता उनके झांसे में नहीं आने वाली है। काठ की हांडी एक ही बार चढ़ती है।
राहुल गांधी के साथ मिलकर उन्होंने सरकार को बदनाम करने के लिए झूठ बोला, षड्यंत्र रचा। उन्होंने कहा राहुल गांधी का यही चरित्र है कि वह भाजपा का विरोध करते-करते देश के विरोध में उतर आते हैं।
राहुल विदेश में देश की छवि को धुमिल करते हैं
विदेश में जाकर देश को कमजोर करने का षड्यंत्र करते हैं। चाहे सिखों पर, धार्मिक स्वतंत्रता और अल्पसंख्यकों की स्थिति पर उन्होंने जो बयान दिए हैं वह निंदनीय हैं। वह देश कमजोर करने का काम कर रहे हैं देश तोड़ने वाली ताकतों के साथ खड़े हैं।
अब जनता उनकी बातों में नहीं आने वाली है। भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से कार्य करती है। उत्तर प्रदेश में 10 सीटों पर होने वाले उपचुनाव में भाजपा सभी सीटों पर जीत दर्ज करेगी।
मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोप पूरी तरह निराधार साबित हो चुके हैं। हम चुनाव आयोग पर पूरा भरोसा करते हैं कि चुनाव निष्पक्ष तरीके से होंगे। चुनाव आयोग से मांग करते हैं कि उनके अखिलेश यादव द्वारा फैलाए जा रहे झूठ को लेकर सख्त कार्रवाई की जाए।