
प्रयागराज की प्रसे वार्ता में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक।
प्रयागराज [ TV 47 न्यूज नेटवर्क ] । हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली प्रचंड जीत के बाद उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की नीतियों पर कटाक्ष किया है। प्रयागराज में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की ‘खटाखट’ नीति पूरी तरह फेल हो गई है। हरियाणा की जनता अब उनके झूठे वादों और गुमराह करने की कोशिशों से प्रभावित नहीं हुई।
राहुल गांधी की ‘खटाखट’ नीति: गुमराह करने का प्रयास
ब्रजेश पाठक ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने जनता को गुमराह करने के लिए संविधान के खतरे में होने का डर दिखाया और ‘खटाखट’ पैसे डालने जैसे झूठे वादे किए। उन्होंने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने फिर से नकारात्मक मुद्दे उठाए, जैसे कि कृषि कानून, पहलवानों का समर्थन, और अग्निवीर योजना। लेकिन, हरियाणा की जनता ने इस बार कांग्रेस की इन नीतियों को पूरी तरह नकार दिया।
भाजपा की प्रचंड जीत: मोदी की कल्याणकारी नीतियों का परिणाम
ब्रजेश पाठक ने जोर देकर कहा कि हरियाणा में भाजपा की जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कल्याणकारी नीतियों और सरकार की सही दिशा में किए गए कार्यों का परिणाम है। मोदी सरकार ने हरियाणा की जनता के लिए जो कार्य किए, उससे जनता का भरोसा और समर्थन भाजपा के प्रति और मजबूत हुआ है।
कांग्रेस का नकारात्मक प्रचार फेल
ब्रजेश पाठक ने कहा कि कांग्रेस ने अपने चुनाव प्रचार में कभी जलेबी तो कभी मक्खन का इस्तेमाल करके जनता को गुमराह करने की कोशिश की। लेकिन, जनता ने उनके इन नकारात्मक प्रचार को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस न तो किसानों के साथ है और न ही पहलवानों के।
खिलाड़ियों को मिला मोदी सरकार में सम्मान
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के आने से पहले हमारे देश के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंचों जैसे ओलंपिक, एशियाड, और कामनवेल्थ खेलों में हिस्सा लेते थे, लेकिन उन्हें इतना सम्मान नहीं मिलता था जितना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में मिल रहा है। इससे साफ है कि भाजपा सरकार ने देश के खिलाड़ियों और युवाओं को सम्मान और अवसर दिए हैं।