
पोलैंड में पीएम नरेंद्र मोदी।
नई दिल्ली [TV 47 न्यूज नेटवर्क]। PM Visits Poland : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को पोलैंड की दो दिवसीय यात्रा पर वारसॉ पहुंचे। पिछले 45 वर्षों में यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली पोलैंड यात्रा है। पोलैंड में मोदी ने भारतीय समुदाय को संबोधित किया। आज का भारत सबसे जुड़ना चाहता है। आज का भारत सबके साथ है, सबके हित की सोचता है। हमें गर्व है कि आज दुनिया भारत को विश्व बंधु के रूप में सम्मान दे रही है। उन्होंने कहा कि जिनको कहीं जगह नहीं मिली उनको भारत ने अपने दिल और अपनी जमीन दोनों जगह स्थान दिया है।
भारत बुद्ध की विरासत वाला देश
पीएम मोदी ने कहा कि भारत बुद्ध की विरासत वाली धरती है, जो युद्ध नहीं शांति की बात करती है। ये युद्ध का युग नहीं है। ये उन चुनौतियों से निपटने के लिए एकजुट होने का समय है जिनसे मानवता को सबसे बड़े खतरे हैं। इसलिए भारत कूटनीति और संवाद पर बल दे रहा है। उन्होंने कहा कि दुनिया के किसी भी देश में संकट आए, भारत पहला देश होता है जो मदद के लिए हाथ बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि जब करोना आया, तो भारत ने कहा ‘मानवता सबसे पहले’।
भारत-पोलैंड में अनेक समानताएं
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और पोलैंड के समाज में अनेक समानताएं हैं। एक बड़ी समानता लोकतंत्र की भी है। भारत के लोगों का लोकतंत्र पर अटूट भरोसा है। ये भरोसा हमने हाल के चुनावों में भी देखा है। हम भारतीय विविधता को जीना भी जानते हैं और उत्सव मनाना भी जानते हैं। इसलिए हर सोसाइटी में हम आसानी से घुल मिल जाते हैं।
पिछले दस साल में भारत में मेडिकल सीटें दो गुना
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले दस साल में हमने भारत में 300 से ज्यादा नए मेडिकल कॉलेज बनाए। पिछले दस साल में भारत में मेडिकल सीटें दो गुना हो चुकी हैं। इन दस सालों में हमने मेडिकल सिस्टम में 75,000 नई सीटें जोड़ी हैं। आने वाले 5 साल में हम मेडिकल सिस्टम में 75,000 नई सीटें और जोड़ने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। वह दिन दूर नहीं है जब हम दुनिया को कहेंगे कि ‘हील इन इंडिया’।