
PV Sindhu file photo
नई दिल्ली [ TV 47 न्यूज़ नेटवर्क ] सिंधु ने अपने पेरिस ओलंपिक्स अभियान की शुरुआत जीत के साथ की है , उन्हें ग्रुप एम में रखा गया है। कल खेले गए महिला सिंगल गेम में सिंधु ने मालदीव की फातिमाथ अब्दुल रज्जाक को हराया। तीसरे ओलिंपिक पदक के लिए चुनौती पेश कर रही सिंधु और फातिमाथ के बीच का अंतर साफ नजर आया। भारतीय खिलाड़ी ने अपने से कम रैंकिंग वाली खिलाड़ी को सिर्फ 29 मिनट में सीधे गेम में 21-9 21-6 से शिकस्त दी। लड़खड़ाती शुरआत से उबरते हुए सिंधु ने वापसी की और ब्रेक तक 11-4 की बढ़त बना ली।
मैच में क्या हुआ
दुनिया की 111वें नंबर की खिलाड़ी फातिमाथ के पास पूर्व विश्व चैंपियन सिंधु का कोई जवाब नहीं था जिन्होंने पहला गेम सिर्फ 13 मिनट में जीत लिया। दूसरे गेम में भी सिंधु ने शानदार शुरुआत करते हुए 4-0 की बढ़त बनाई लेकिन फातिमाथ ने वापसी करते हुए स्कोर 3-4 किया। भारतीय खिलाड़ी इसके बाद लगातार छह अंक के साथ 10-3 से आगे हो गईं। सिंधु को 14 मैच प्वाइंट मिले और दुनिया की 13वें नंबर की खिलाड़ी ने पहले ही प्रयास में अंक जुटाकर गेम और मैच जीत लिया।
आगे क्या हो सकता है
रियो ओलिंपिक 2016 में रजत और तोक्यो ओलिंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली 10वीं वरीय सिंधु ग्रुप के अपने दूसरे मैच में बुधवार को दुनिया की 75वें नंबर की खिलाड़ी एस्टोनिया की क्रिस्टिन कूबा से भिड़ेंगी। सिंधु अगला मुकाबला अपने नाम करती हैं तो राउंड ऑफ 16 में पहुंचेंगी। वहां उनका सामना चीन की ही विंगजिआओ से हो सकता है। ही के खिलाफ ही सिंधु ने तोक्यो ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मेडल मैच जीता था। सिंधु क्वार्टर फाइनल में पहुुंचती हैं तो यहां उनका सामना तोक्यो ओलिंपिक की गोल्ड मेडलिस्ट से हो सकता है।