
मुंबई और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भारी बारिश!। फाइल फोटो
नई दिल्ली [TV47 न्यूजनेटवर्क] । मानसून एक बार फिर कई राज्यों के लिए आफत बनकर आया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले दो दिनों तक मुंबई और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान लगाया है। मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई जिलों में सोमवार के बाद मंगालवार की सुबह भी भारी बारिश हुई। IMD ने मुंबई में 12 जुलाई तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग ने पांच राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, असम, गोवा और कर्नाटक शामिल हैं। 13 राज्यों- नगालैंड, त्रिपुरा, मिजोरम, मणिपुर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, गुजरात में भारी बारिश का अलर्ट है।
मुंबई में अगले 24 घंटों में भारी बारिश की संभावना है। BMC ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है। मुंबई में रविवार भारी बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया। भारी बारिश के पूर्वानुमान के कारण, मुंबई यूनिवर्सिटी में आज होने वाली सभी परीक्षाएं टाल दी गई हैं। नई तारीखों की घोषणा जल्द की जाएगी। सभी स्कूल-कॉलेज भी बंद हैं। पुणे, रायगढ़ और नवी मुंबई में भी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। महाराष्ट्र के अलावा उत्तराखंड में भी तेज बारिश का दौर जारी है। भारी बारिश के कारण जोशीमठ के पास एक पहाड़ का टुकड़ा बद्रीनाथ हाईवे पर गिर गया। इस कारण हाईवे को बंद करना पड़ा है। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।
देशभर में मौसम का असर…
-हिमाचल प्रदेश: 12 जुलाई तक भारी बारिश का अनुमान : मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में 12 जुलाई तक के लिए भारी बारिश का अनुमान जताया है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, सोलन, शिमला और सिरमौर जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
-दिल्ली: दोपहर में तेज बारिश से तापमान में गिरावट: पिछले दिन से रुक-रुककर बारिश देखने को मिल रही है। मौसम विभाग ने कहा है कि इस बारिश से दिल्ली में उमसभरी गर्मी का दौर खत्म हो गया है। कुछ दिनों पहले भी बारिश हो रही थी, लेकिन तब बारिश रुकने के बाद भी उमस होती थी।
– उत्तराखंड: फिर शुरू हुई चारधाम यात्रा: सोमवार को उत्तराखंड के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। इसमें कुमाऊं क्षेत्र में नदियों में बाढ़ आ गई। इससे गांव की तरफ जाने वाले सैकड़ों रास्ते पूरी तरह से बंद हो गए हैं। भारी बारिश की भविष्यवाणी के चलते रविवार को रोकी गई चार धाम यात्रा सोमवार को फिर से शुरू हो गई। तेज बारिश के चलते केदारनाथ, बद्रीनाथ हाईवे समेत 115 से ज्यादा सड़कें बंद हो गईं।
-असम: बारिश के चलते 6 और लोगों की मौत: असम में सोमवार को बाढ़ के चलते छह और लोगों की जान चली गई। इसके साथ ही बाढ़, भूस्खलन और तूफान में मरने वालों की संख्या बढ़कर 85 हो गई है। राज्य के 28 जिलों के 27.74 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। काजीरंगा नेशनल पार्क में छह गैंडों समेत अब तक 137 जंगली जानवरों की जान जा चुकी है। रविवार को यह संख्या 129 थी।
एयरपोर्ट पर विमान सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित
मुंबई एयरपोर्ट पर विमान सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित हुईं। एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, मुंबई में खराब मौसम के कारण कई उड़ानों को डायवर्ट किया गया और करीब 50 उड़ानें रद कर दी गईं। उधर रेलवे के ट्रैक पर भी पानी आया है। रेलवे ने 200 पंप लगाया है, 480 पंप कारपोरेशन के हैं। वो पूरी तेजी से काम कर रहे हैं। डिजास्टर, रेलवे, एनडीआरएफ और बीएमसी फेस करने के लिए पूरी तरह अलर्ट है। राज्य विधानमंडल के दोनों सदनों की कार्यवाही भी स्थगित कर दी गई। कई सदस्य और अधिकारी विधान भवन नहीं पहुंच पाए। स्थिति का जायजा लेते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि सभी राज्य एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है।
सभी स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश घोषित
मानसून की गंभीर स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने आज मुंबई, नवी मुंबई, रायगढ़, रत्नागिरी, पालघर जिलों के सभी स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश घोषित कर दिया है। मुंबई विश्वविद्यालय ने आज होने वाली सभी परीक्षाएं स्थगित करने का फैसला किया है। छात्रों की किसी भी संभावित असुविधा से बचने के लिए यह निर्णय लिया गया है। संशोधित तिथियों की घोषणा जल्द ही की जाएगी।