
सनम खान। फाइल फोटो।
पुणे, [TV 47 न्यूज एजेंसी]। भारत में फर्जी दस्तावेज के आधार पर एक महिला के पाकिस्तान जाने का मामला सामने आया है। महिला महाराष्ट्र के पूणे की रहने वाली है। वह दो बच्चों की मां है। उसने अपना नगमा नाम बदलकर सनम खान कर लिया है। उस पर फर्जी दस्तावेज बनाकर पाकिस्तान के रावलपिंडी जाने का आरोप है। बता दें कि कोरोना काल में लाकडाउन के दौरान वर्ष 2021 में नगमा उर्फ सनम खान का फेसबुक पर बशीर नामक शख्स से संपर्क हुआ। बशीर पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान के रावलपिंडी का रहने वाला है। वह एक होटल में काम करता है।
सनम खान का बयान
पुलिस ने बताया कि महिला के दस्तावेजों की जांच अभी जारी है। इस बाबत महिला से पूछताछ की जा रही है। दोषी पाए जाने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उधर, सनम खान का कहना है कि वह जांच में सहयोग के लिए तैयार है। उसने पुलिस को बताया कि वह निकाह से पूर्व ही अपना नाम परिवर्तित कर चुकी थी। नाम बदलने के बाद ही उसने बशीर के साथ निकाह करने और पाकिस्तान में रहने के लिए वीजा बनवाया था।
वशीर के प्रेम में हुई पागल
दरअसल, दोनों के प्रेम प्रसंग का एक दिलचस्प वाकया है। पहले दोनों में बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे सनम और वशीर एक-दूसरे के निकट होते गए। इसके बाद सनम और बशीर ने निकाह करने का फैसला किया। दोनों ने घर वालों को भी इसके लिए राजी कर लिया। पहले से शादीशुदा दो बच्चों की मां सनम को पाकिस्तान जाने के लिए वीजा की जरूरत थी। कुछ लोगों ने उसे बताया कि आन लाइन निकाह करके रजिस्ट्रेशन कराने के बाद वीजा आसानी से मिल जाएगा।
कैसे हुआ दोनों का निकाह
फरवरी 2024 में दोनों ने आनलाइन निकाह कर लिया।फिर उसने फर्जी दस्तावेज लगाकर वीजा भी हासिल कर लिया। इसके बाद वह पाकिस्तान के रावलपिंडी पहुंच गई। वहां पहुंच कर उसने अपने प्रेमी बशीर से 27 मई को निकाह कर लिया। अपनी मां की खराब तबीयत का हालचाल पूछने जब सनम 17 जुलाई को मुंबई लौटी तो पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।