
Amroha file photo
अमरोहा [ TV 47 न्यूज़ नेटवर्क ] डाक कांवड़ निकालने के दौरान शिव भक्तों और मुस्लिम समुदाय के बीच नोकझोक हो गई। नाराज शिवभक्तों ने हसनपुर अमरोहा मार्ग पर जाम लगा दिया। हालांकि पुलिस के समझाने के बाद जाम खुल गया है।
हसनपुर कोतवाली के गांव चकौरी के कांवड़ियों का जत्था हरिद्वार से डाक कांवड़ लेकर अपने गांव लौट रहा था। सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे वह डीजे बजाते हुए धार्मिक गानों की धुन पर नाचते गाते बावनखेड़ी से गुजर रहे थे। आरोप है कि रास्ते के किनारे खड़े मुस्लिम समुदाय के कुछ युवकों ने डीजे की आवाज धीमी करने को कहा। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक हो गई। एक शिवभक्त ने कांवड़ खंडित होने का आरोप लगाया। इसके बाद कांवड़ियों ने मार्ग जाम कर दिया। सीओ दीप कुमार पंत व प्रभारी निरीक्षक सनोज प्रताप सिंह आसपास के थानों के पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शिवभक्तों को समझा कर करीब डेढ़ घंटे बाद जाम खुलवाया। जिसके बाद शिवभक्त अपने गंतव्य को रवाना हो गए। प्रभारी निरीक्षक सनोज प्रताप सिंह ने बताया कि मामूली बात पर कहासुनी और नोकझोंक हो गई थी। दोनों पक्षों को समझा कर जाम खुलवा दिया गया है। कांवड़ खंडित होने की बात निराधार है।