
नोएडा में सचिन पायलट ने गोवर्धन पूजा पर दिया संदेश।
नोएडा [ TV 47 न्यूज नेटवर्क ]। राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने अपने पैतृक गांव वैदपुरा में गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव के अवसर पर भाईचारे और एकता का संदेश दिया। नोएडा महानगर कांग्रेस अध्यक्ष रामकुमार तंवर के नेतृत्व में डीएनडी फ्लाईओवर पर सचिन पायलट का ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने इस पावन पर्व पर जाति-धर्म से ऊपर उठने और सबको साथ लेकर चलने की जरूरत पर जोर दिया।
सचिन पायलट ने कहा कि देश के विकास और समृद्धि के लिए सभी को एक साथ मिलकर चलना जरूरी है। उन्होंने कहा, “हमें अपने सभी मतभेद भुलाकर भाईचारे का संदेश देना चाहिए और मिलकर इस पावन पर्व को मनाना चाहिए।” उनका मानना है कि जाति-धर्म की संकीर्ण मानसिकता से ऊपर उठकर भाईचारे और एकता का संदेश ही देश की उन्नति में सहायक हो सकता है।
रामकुमार तंवर ने अपने क्षेत्रवासियों की ओर से सचिन पायलट का स्वागत किया और उन्हें दिवाली, गोवर्धन पूजा, एवं भैया दूज की शुभकामनाएं दीं। सचिन पायलट ने भी सभी को त्यौहारों की शुभकामनाएं देते हुए भाईचारे के महत्व को दोहराया। उनके इस संदेश को क्षेत्र के लोगों ने बेहद सराहा।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने आपसी भाईचारे को कमजोर करने का काम किया है, जिससे देश में तनाव और अराजकता बढ़ रही है। पायलट ने कहा कि जनता अब इन नीतियों को समझ चुकी है और आगामी समय में सशक्त जवाब देने वाली है। उनका कहना है कि कांग्रेस पार्टी देश में एकता के सूत्र में पिरोकर सबके साथ विकास की राह पर चलने की प्रतिबद्धता रखती है।
डीएनडी फ्लाईओवर पर स्वागत में कांग्रेस के प्रमुख नेताओं में रामकुमार तंवर, बबली नागर, देवेंद्र भाटी, रिजवान चौधरी, हरेंद्र शर्मा, जितेंद्र चौधरी, और अन्य प्रमुख कार्यकर्ता शामिल थे।