
नोएडा इस्कॉन मंदिर
नोएडा [ TV 47 न्यूज नेटवर्क ]। नोएडा सेक्टर-33 स्थित इस्कॉन मंदिर में इस वर्ष गिरिराज गोवर्धन पूजा महोत्सव का आयोजन भव्य रूप में किया गया, जिसमें 20 फीट लंबे गोवर्धन पर्वत का निर्माण किया गया। इस पर्वत को सवा टन पके चावल और हलवे से बनाया गया, जिसमें राधाकुंड, श्यामकुंड, नारदकुंड, कुसुम सरोवर और मानसी गंगा जैसे ब्रज के प्रमुख स्थल शामिल किए गए थे। इस पर्वत का अनोखा दृश्य सभी श्रद्धालुओं को ब्रज मंडल की वास्तविकता का अनुभव करा रहा था।
इस्कॉन नोएडा के प्रवक्ता एकांत धाम दास ने जानकारी दी कि महोत्सव की शुरुआत सुबह 8 बजे से हुई और दोपहर तक हजारों श्रद्धालु गोवर्धन पर्वत के दर्शन और पूजा करने पहुंचे। मुख्य महोत्सव सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चला, जिसमें भक्तों ने गिरिराज गोवर्धन का कीर्तन और जयकारों के बीच पूजा की।
इस दौरान गिरिराज गोवर्धन जी को विभिन्न प्रकार की मिठाइयां, फल, मेवे, और अन्य व्यंजन अर्पित किए गए। इस दौरान, ‘गिरिराज धरण हम तुम्हारी शरण’ जैसे भजन और कीर्तन का आयोजन हुआ, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। मंदिर में उपस्थित श्रद्धालुओं ने इस उत्सव में पूरी श्रद्धा और जोश के साथ भाग लिया।
उत्सव में वृंदावन से आए परम पूज्य राधे श्यामानंद स्वामी महाराज ने गोवर्धन पूजा के महत्व पर प्रवचन दिया। उन्होंने बताया कि यह पूजा भगवान कृष्ण द्वारा आरंभ की गई परंपरा है और इसे आज भी 800 से अधिक इस्कॉन मंदिरों में बड़े उत्साह से मनाया जाता है। इसके बाद गिरिराज गोवर्धन जी की महाआरती की गई, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने नृत्य और भक्ति का आनंद उठाया।
इस आयोजन में करीब 1500 श्रद्धालुओं ने भाग लिया और उन्हें इस्कॉन संस्थापक श्रील प्रभुपाद के आदेशानुसार प्रसाद वितरित किया गया। उन्होंने बताया कि इस महोत्सव के माध्यम से लोग अपनी आध्यात्मिक यात्रा को मजबूत कर सकते हैं और गोवर्धन पूजा के पारंपरिक महत्व को जान सकते हैं।