
उन्नाव/फिरोजाबाद, [ TV 47 न्यूज नेटवर्क ]। उन्नाव के अजगैन क्षेत्र में ग्राम बक्तौरीखेड़ा के मजरा संदाना में वर्षा से कमजोर हुई कच्ची दीवार गिरने से बाबा व पौत्र की मौत हो गई। दूसरी घटना सूबे के फिरोजाबाद जनपद में रजावली क्षेत्र में घर की दीवार गिरने से वृद्धा की मृत्यु हो गई। दिव्यांग पति घायल है। तीन पशु भी मरे हैं।
अजगैन क्षेत्र में ग्राम बक्तौरीखेड़ा के मजरा संदाना निवासी 75 वर्षीय बद्री अपने 30 वर्षीय पौत्र महेंद्र के साथ सुबह दीवार के पास बंधी गाय का दूध निकाल रहे थे। मंगलवार रात हुई वर्षा से कमजोर हुई कच्ची दीवार अचानक भर-भराकर दोनों पर गिर गई।
शोर सुन स्वजन ने पड़ोसियों की मदद से दोनों को किसी तरह मलबे से बाहर निकाला। बेहोशी हालत में दोनों को अस्पताल ले जाया गया, वहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और स्वजन को आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिया है। बाबा व पौत्र की मौत से घर में कोहराम मचा है।
फिरोजाबाद में वर्षा के दौरान दीवार गिरने से वृद्धा की मृत्यु
फिरोजाबाद में मंगलवार रात से शुरू हुई वर्षा अब भी जारी है। रजावली क्षेत्र में घर की दीवार गिरने से वृद्धा की मृत्यु हो गई। दिव्यांग पति घायल है। तीन पशु भी मरे।