
तुलसी का पौधा फाइल फोटो।
प्रयागराज [ TV 47 न्यूज नेटवर्क ]। तुलसी का पौधा भारतीय संस्कृति और धर्म में एक विशिष्ट स्थान रखता है। हिंदू धर्म में इसे पवित्र और दिव्य माना जाता है। तुलसी को “मां तुलसी” या “वृंदा” के नाम से भी जाना जाता है। इसे लक्ष्मी जी का अवतार माना जाता है। तुलसी के पौधे को पूजा जाता है। इतना ही नहीं इसका उपयोग आयुर्वेदिक चिकित्सा में भी होता आया है। आइए जानते हैं कि तुलसी के पौधे के महत्व के बारे में।
तुलसी का धार्मिक महत्व
पंडित राम प्रकाश का कहना है कि तुलसी को हिंदू धर्म में अत्यंत पवित्र माना जाता है। लगभग हर हिंदू घर में तुलसी का पौधा अवश्य मिलता है। उन्होंने बताया कि जिस घर में तुलसी का पौधा होता है, वहां भगवान विष्णु का वास होता है। ऐसे घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है। उन्होंने कहा कि तुलसी की पूजा करने से परिवार में सुख, शांति और समृद्धि आती है। पंडित राम प्रकाश ने बताया कि विशेष रूप से तुलसी पूजा कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी को होती है, जिसे “तुलसी विवाह” कहा जाता है। इसे भगवान विष्णु और तुलसी माता का विवाह माना जाता है।

तुलसी के आयुर्वेदिक गुण
पंडित राम प्रकाश का कहना है तुलसी न केवल धार्मिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि इसके औषधीय गुण भी अत्यंत लाभकारी हैं। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद में इसे एक चमत्कारी पौधा माना गया है। उन्होंने कहा कि तुलसी के पत्तों में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-वायरल गुण होते हैं। यह हमें कई बीमारियों से बचाते हैं। सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार में तुलसी का काढ़ा बहुत ही प्रभावी होता है। उन्होंने कहा कि यह शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी बढ़ाता है। इसके अलावा तुलसी के पत्तों का सेवन पेट के रोग, श्वसन समस्याओं और त्वचा संबंधी समस्याओं में भी लाभकारी होता है।
कैसे करें तुलसी की पूजा और देखभाल
उन्होंने कहा कि तुलसी का पौधा सूरज के प्रकाश में अच्छी तरह पनपता है। इसे रोज पानी देना चाहिए। तुलसी के पत्तों को बिना हाथ धोए तोड़ना अपशगुन माना जाता है। इसलिए पत्तों को तोड़ते समय साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। तुलसी की पूजा में दीपक जलाना और उसके चारों ओर दीपमालिका सजाना अत्यधिक शुभ माना जाता है।
पर्यावरण के लिए तुलसी का महत्व
पंडित राम प्रकाश ने बताया कि तुलसी का पौधा न केवल धार्मिक और आयुर्वेदिक महत्व ही नहीं रखता है, बल्कि यह पर्यावरण के लिए भी उपयोगी है। यह वातावरण को शुद्ध करता है। यह पर्यावरण में ऑक्सीजन की मात्रा बढ़ाता है। तुलसी का पौधा घर के वातावरण को शुद्ध और ताजगी भरा बनाए रखता है। इससे परिवार के सदस्यों को मानसिक शांति और ताजगी मिलती है।