
संगम स्थित बड़े हनुमान जी ने किया महास्नान।
प्रयागराज [TV 47 न्यूज नेटवर्क]। संगम स्थित बड़े हनुमान जी ने बुधवार सुबह महास्नान कर लिया। संगम का जल सुबह 6:40 बजे गर्भगृह में पहुंच गया। बड़े हनुमान जी के समीप भक्लों का बड़ा सैलाब उमड़ रहा है। प्रयागराज में हनुमान भक्तों का इस बात का इंतजार रहता है कि बड़े हनुमान जी महास्नान करते हैं।
यमुना के जलस्तर में तेजी से हुई वृद्धि के बाद मंगलवार को ही यह अनुमान लगाया जा रहा था कि अब किसी भी क्षण मंदिर परिसर में संगम का जल पहुंच सकता है। सुबह जैसे ही पानी पहुंचा घंटा बजा कर प्रसन्नता व्यक्त की गई। संक्षिप्त पूजन के बाद गर्भगृह बंद कर दिया गया।
अब बाढ़ का पानी हटने पर ही श्रद्धालुओं को दर्शन पूजन सुलभ हो सकेगा। मान्यता है कि मां गंगा हर साल एक बार बड़े हनुमान जी को महास्नान कराती हैं। इस बीच शहर बाढ़ के मुहाने पर पहुंच गया है। दोनों नदियां ( गंगा यमुना) 80 मीटर से अधिक जलस्तर के साथ बह रही हैं। यहां खतरा बिंदु 84.73 मीटर है। तड़के से बरसात भी शुरू हो गई है। इन पंक्तियों के लिखे जाने तक बरसात जारी है।
