
सहारनपुर, [ TV 47 न्यूज नेटवर्क ]। पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच फायरिंग हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस पर एक पक्ष ने हमला कर दिया जिसमें दो दारोगा समेत छह लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सिपाही की हालत गंभीर होने के चलते हायर सेंटर रेफर किया है।
शनिवार देर रात गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के कैलाशपुर में पहले चल रही रजिंश के चलते जुएब ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ दो स्कूटी पर सवार होकर गांव के एक पक्ष पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में गांव के रहमान पुत्र यूनुस, कादिर पुत्र इरशाद और सलमान पुत्र छोटन घायल हो गए। पता लगते ही पुलिस गांव पहुंची।
यह भी पढ़ें : UP Crime: ‘आपरेशन लंगड़ा’ का नाम सुनते ही क्यों सहम जाते हैं खुंंखार अपराधी ?
पुलिस ने आरोपितों को पकड़ने की कोशिश की तो उन्होंने उन पर हमला कर दिया। उपनिरीक्षक प्रवेश शर्मा, कृष्णवीर और सिपाही टुकेश यादव को चाकू मारकर घायल कर दिया। दारोगा प्रवेश के हाथ और सिपाही के सिर पर चाकू से कई वार किए गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां से सिपाही टुकेश यादव की हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
अन्य घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना का पता लगते ही सीओ समेत तमाम फोर्स अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने मुख्य आरोपित जुएब को पकड़ लिया है। गांव में फोर्स तैनात कर दी गई है। जुएब पहले एक घटना में जेल भी जा चुका है। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि पुलिस झगड़े की सूचना पर गांव में पहुंची थी। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है।