
Amroha News
अमरोहा,[TV 47 न्यूज़ नेटवर्क] दस रुपये का फटा नोट बदलने को लेकर हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने दोनों पक्ष की रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। सोमवार रात दोनों पक्षों में समझौता होने के चार घंटे बाद ही किसान का शव खेत पर मचान के सहारे फंदे पर लटका मिला है। स्वजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
गांव के रहने वाले 35 वर्षीय किसान लाल सिंह शादीशुदा थे। 10 सितंबर को फटा हुआ दस रुपये का नोट लेकर वह गांव में ही परचून की दुकान चलाने वाले नैपाल के पास गए और नोट बदलने के लिए बोला। दुकानदार ने उस नोट को अपनी दुकान का न होने की बात कहते हुए वापस कर दिया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई थी।
पुलिस ने दोनों तरफ से रिपोर्ट दर्ज कर चार्जशीट न्यायालय भेज दी थी। अब दोनों पक्ष समझौते के लिए राजी हो गए। सोमवार की रात करीब आठ बजे समझौतानामा लिखकर ब्रजघाट चौकी पुलिस को भी दे दिया। इस समझौते के चार घंटे बाद रात 12 बजे लाल सिंह का शव उसके ही खेत पर लगे यूकेलिप्टस के पेड़ से बंधे मचान के जरिए रस्सी के फंदे पर लटका हुआ मिला।
जानकारी मिलते ही भीड़ जुट गई। लाल सिंह के परिवार के लोगों का आरोप है कि दुकानदार पक्ष के लोगों ने समझौता करने के बाद उसकी हत्या की और शव को फंदे पर लटका दिया। प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार ने बताया कि पुलिस दोनों पक्षों की तरफ से दर्ज केस में चार्जशीट लगा चुकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।