
doctors strike prayagraj file photo
प्रयागराज [ TV 47 न्यूज़ नेटवर्क ] कोलकाता में महिला ट्रेनी डाक्टर की हत्या से आक्रोशित जूनियर डाक्टरों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी है। इससे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है। यहां पर कौशांबी एवं प्रतापगढ़ सहित आसपास के जिलों से सैकड़ों मरीज आते हैं। हड़ताल की वजह से सोमवार को भी मरीजों को लौटना पड़ा था, आज उनके सामने फिर से दिक्कत आ गई है। अस्पताल में वरिष्ठ डाक्टर मरीजों को देख रहे हैं, लेकिन उनके लिए इतनी भीड़ संभाल पाना मुश्किल हो रहा है। वहीं मरीज को लेकर तीमारदार इधर-उधर भटक रहे हैं। आपरेशन थिएटर भी बंद पड़ गया है, जिन मरीजों का आपरेशन होना था, उनमें से 70 प्रतिशत मरीजों को आगे की तारीख दे दी गई है।
बता दें की डॉक्टरों ने ओपीडी के साथ पर्चा के काउंटर को बंद करा दिया है। कोलकता की घटना को लेकर फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ने आवाज उठानी शुरू कर दी है। मंगलवार को भी स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय परिसर में जुटे रेजिडेंट डॉक्टर हाथों में तख्तियां लेकर विरोध में प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। डॉक्टरों के दूसरे दिन भी हड़ताल पर जाने से अस्पताल में भर्ती मरीज बेहाल है। अस्पताल की सारी अन्य सेवाएं बंद कर दी गयी है।
डॉक्टरों का यह आंदोलन फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के बैनर तले किया जा रहा है। डॉक्टरों की मांग है कि सभी अस्पतालों में हेल्थ स्टॉफ की सिक्योरिटी की व्यवस्था की जाए। उनकी सुरक्षा के लिए अनिवार्य प्रोटोकॉल लागू किया जाए। अपनी मांगो को लेकर डॉक्टरों का प्रदेशन जारी है।