
हरियाणा के चुनावी दौरे पर रहे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
भिवानी/हिसार/नारनौंद/पंचकुला [ TV 47 न्यूज नेटवर्क ]। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को भी कांग्रेस को खूब लताड़ा। बोले कि 500 वर्ष का इंतजार समाप्त हुआ और 22 जनवरी 2024 को पीएम मोदी के करकमलों से भगवान श्रीरामलला अयोध्या धाम में विराजमान हो गए। जनसभाओं में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भजन गायक कन्हैया मित्तल, यूपी के मंत्री ब्रजेश सिंह समेत अनेक जनप्रतिनिधि व साधु-संत मौजूद रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को हरियाणा में चार जनसभा की। उन्होंने बवानी खेड़ा से कपूर वाल्मीकि, हांसी से विनोद भयाना, नारनौंद से कैप्टन अभिमन्यु, सफीदों से रामकुमार गौतम व पंचकुला से ज्ञानचंद गुप्ता, कालका से शक्तिरानी शर्मा को जिताने की अपील की।
राम-रोम की संस्कृति में फर्क
देश व दुनिया आनंदित है, लेकिन घड़ियालू आंसू बहा रही बदनसीब कांग्रेस को इससे भी नफरत है। यही अंतर राम की संस्कृति व रोम की संस्कृति में है। राम की संस्कृति में पला-बढ़ा व्यक्ति प्रभु श्रीराम की मर्यादा का पालन करते हुए 500 वर्ष तक निरंतर लड़ता रहा। प्रभु राम अयोध्या धाम में विराजमान हो गए, लेकिन रोम की संस्कृति में पले-बढ़े बदनसीब ‘एक्सीडेंटल हिंदु’ इसे बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। एक्सीडेंटल हिंदु देश और जनता के प्रति कभी ईमानदार नहीं हो सकते। राम भारत के प्रतीक हैं। जो राम का नहीं, वो हमारे किसी काम का नहीं।
भारत को कोसने वालों के मुख से निकल रहा राम-राम
सीएम ने जम्मू एयरपोर्ट हुए संस्मरण की चर्चा करते हुए बताया कि एक मौलाना ने मुझे राम-राम किया, मैंने भी राम-राम किया। भौचक होकर मैंने एक अधिकारी से पूछा कि क्या यहां सभी मौलवी राम-राम करते हैं तो उसने कहा नहीं, यह धारा-370 हटने का प्रभाव है। सीएम ने कहा कि जो राम, कृष्ण व भारत को कोसते थे, उनके मुख से आज राम-राम निकल रहा है। भाजपा जितनी मजबूत होगी, भारत उतना मजबूत होगा और भारत जितना मजबूत होगा, सड़कों पर हरे रामा-हरे कृष्णा का भजन उतना ही देखने को मिलेगा।

कांग्रेस वाले आएंगे तो गद्दारी करेंगे
सीएम ने बवानी खेड़ा विधानसभा के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि यहां के लोग जानते हैं कि कांग्रेस वाले आएंगे तो देश के साथ गद्दारी करेंगे। विकास के नाम पर केवल अपने घर को भरते रहे। कांग्रेसी कहते थे कि देश के संसाधन पर पहला अधिकार मुसलमान का है, जबकि मोदी जी कहते हैं कि देश के संसाधन पर पहला हक गरीब, कमजोर-वंचित, दलितों, पिछड़ों का है। मोदी जी के नेतृत्व में भारत दुनिया की बड़ी ताकत बनकर उभर रहा है। एक तरफ भारत में कोरोना से अब तक 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन दिया जा रहा है तो दूसरी तरफ पाकिस्तान कटोरा लेकर दुनिया में भीख मांग रहा है।
कांग्रेस ने स्विस बैंक में पहुंचा दिया पैसा
सीएम योगी ने कहा कि मोदी जी देश को बना रहे हैं तो दूसरी तरफ 60-65 वर्ष तक शासन करने वाली कांग्रेस को जब भी अवसर मिला तो उन्होंने देश को लूटकर पैसे को कभी स्विस बैंक पहुंचा दिया तो कभी दुनिया में कहीं और पहुंचा दिया। कोरोना में भाजपा का कार्यकर्ता पीएम मोदी व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आह्वान पर ‘सेवा ही संगठन’ मंत्र के साथ कार्य कर रहा था, लेकिन उस वक्त राहुल गांधी कहां थे। संकट के समय उन्हें भारत नहीं, इटली में नानी याद आती हैं।
रिश्तेदारी निभाने के लिए लगाई धारा-370
सीएम योगी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में मंदिर का निर्माण कराया तो धारा-370 को दफन भी कर दिया। बाबा साहेब भीम राव आंबेडकर के विरोध के बावजूद कांग्रेस ने रिश्तेदारी निभाने के लिए धारा-370 संविधान में जोड़कर कश्मीर को अलग स्टेटस दिया, जिससे देश आतंकवाद की चपेट में आ गया। कांग्रेस ने हिंदुओं के सामने ऐसी स्थिति कर दी कि वे आपस में ही लड़ें।

आतंकवाद, उग्रवाद व भ्रष्टाचार की जननी है कांग्रेस
सीएम योगी ने कहा कि महात्मा गांधी ने कहा था कि भारत में सुशासन की व्यवस्था का आधार रामराज्य ही हो सकता है। देश लगातार गलती पर गलती करता गया तो इन लोगों ने सुरक्षा से खिलवाड़ किया। कांग्रेस समस्या व भाजपा समाधान है। कांग्रेस देश में आतंकवाद, उग्रवाद, भ्रष्टाचार की जननी है। रोम-इटली की चर्चा करने वाले कांग्रेस के लोग वहीं जाएं, वे हरियाणा, हांसी व हिसार से वोट क्यों मांगते हैं।
यह भी पढ़ें : पीएम श्री योजना के तहत चयनित 167 विद्यालयों में चलेंगे करियर काउंसलिंग सत्र