
लखनऊ [ रमेश मिश्र ]। यूपी में 10 विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव के बीच राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। सत्तारूढ़ भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। इस कड़ी सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधा है, तो योगी ने भी उन्हें माकूल जवाब दिया है। आइए जानते हैं कि इस कड़ी में किसने क्या कहा। अब ये तो वक्त बताएगा कि बुलडोजर पर साइकिल कितनी भारी है…
क्या कहा अखिलेश ने
1- सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सीएम योगी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अगर 2027 में सपा की सरकार बनी तो उत्तर प्रदेश में बुलडोजर का रुख गोरखपुर की ओर होगा। गोरखपुर मुख्यमंत्री योग आदित्यनाथ का गृहजनपद है। इसी लिए अखिलेश ने गोरखपुर का नाम लिया। सपा प्रमुख ने दावा किया कि 2027 के विधान सभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का सफाया होगा।
2- समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश ने मंगलवार को पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का सफाया होगा और देश की राजनीति उसके चुनावी परिणाम से प्रभावित होगी। अखिलेश यादव के इस बयान को योगी आदित्यनाथ पर सीधा हमले के तौर पर देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें : UP News : क्या-क्या बोल गए अखिलेश, 2027 विधानसभा चुनाव में BJP का पता नहीं चलेगा ….
3- अखिलश ने कहा कि जब से भाजपा सत्ता में आई है प्रदेश पिछड़ता चला गया है। विकास पूरी तरह से ठप है। महंगाई अपने चरम पर है। लोग भ्रष्टाचार से त्रस्त है। जातीय जनगणना को जरूरी बताया। हम इन्हीं मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं। सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा का राजनीतिक चरित्र ही विकास विरोधी है। पिछले सात वर्षों में भाजपा ने विकास के नाम पर कोई काम नहीं किया है। उनके पास विकास का कोई विजन नहीं है।
सीएम योगी का जवाब
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अखिलेश दिन में मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं। उन्होंने अपने शासन काल में युवकों को गुमराह किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुलडोजर चलाने के लिए दिल और दिमाग दोनों चाहिए। यह काम इतना आसान नहीं है। जिसके अंदर बुलडोजर जैसी क्षमता होगी वही इसे चलवा सकता है।
भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बुलडोजर अपराधियों के घर चल रहा है तो अखिलेश के पेट में दर्द क्यों हो रहा है। आखिर अपराधियों और अखिलेश के बीच में क्या कनेक्शन है। यूपी में कोर्ट ने बुलडोजर कार्रवाई पर कभी रोक लगाने का काम नहीं किया है फिर भी बुलडोजर कार्रवाई पर सवाल उनकी परिपक्वता पर सवाल उठाती है।
यह भी पढ़ें : योगी आदित्यनाथ ने यूपी में 7 साल 148 दिन तक सीएम रहने का रिकॉर्ड बनाया
यह भी पढ़ें : CM Yogi Adityanath News: सपा के गढ़ में CM योगी का बड़ा सवाल- इस तपोभूमि की क्यों हुई उपेक्षा ?