
मतगणना की फाइल फोटो।
नई दिल्ली [TV47 न्यूजनेटवर्क ]। NDA vs INDIA : देश के सात राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर 10 जुलाई को हुए उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं। इंडिया गठबंधन ने 10 सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि, भाजपा की अगुवाई वाले एनडीए के खाते में केवल दो सीटें आई हैं। एक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत हासिल की है। इंडिया INDIA गठबंधन में कांग्रेस ने चार सीटों पर जीत हासिल की है। इन नतीजों में जहां कांग्रेस में उत्साह है, वह भाजपा खेमे में खलबली है। कांग्रेस ने कहा है कि अधिकतर सीटों पर इंडिया गठबंधन को जीत मिली है। बता दें कि तृणमूल कांग्रेस ने चार, डीएमके और आम आदमी पार्टी ने एक-एक सीट पर जीत दर्ज की है। पश्चिम बंगाल की सभी चार सीटों पर तृणमूल कांग्रेस की जीत हुई है। बिहार की रुपौली सीट निर्दलीय उम्मीदवार शंकर सिंह के खाते में गई है। तमिलनाडु की विक्रावंडी सीट डीएमके के अन्नियूर शिवा ने जीत दर्ज की है। आइए जानते हैं कि 13 विधानसभा सिटों पर किसको हार-जीत का खेल रहा।
हिमाचल प्रदेश सुक्खू के गढ़ में लहराया कमल….
इस उपचुनाव में हिमाचल प्रदेश की देहरा सीट से राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी और कांग्रेस की उम्मीदवार कमलेश ठाकुर ने जीत दर्ज की है। कमलेश ने भाजपा के होशियार सिंह को 32 हजार से अधिक वोट से पराजित किया है। उधर, सुक्खू को उनके गृह जनपद हमीरपुर में भाजपा ने बड़ा झटका दिया है। इस सीट पर भाजपा के आशीष कुमार शर्मा करीब 1500 वोट से चुनाव जीत गए हैं। हिमाचल की नालागढ़ विधानसभा सीट से कांग्रेस के हरदीप सिंह बावा ने बाजी मारी है। बता दें कि वर्ष 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में हिमाचल की इन तीनों सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत हासिल की थी। उनके त्यागपत्र के बाद ये सीटें खाली हुई थीं। इस वर्ष फरवरी महीने में इन तीनों ही विधायकों ने राज्यसभा चुनावों में भाजपा के पक्ष में मतदान किया था। इस बार तीनों ही प्रत्याशी ने भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था।
मध्य प्रदेश में भाजपा की बची लाज …..
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा के अमरवाड़ा भाजपा प्रत्याशी कमलेश प्रताप शाह ने जीत हासिल की है। छिंदवाड़ा के अमरवाड़ा विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी कमलेश प्रताप शाह चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने 3252 वोटों से जीत हासिल की है। हालांकि, कांग्रेस समर्थकों ने यहां धांधली का आरोप लगाते हुए दोबार गिनती कराने की मांग की है। पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने छिंदवाड़ा की सभी सात विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की थी। हालांकि उसे प्रदेश में हार का मुंह देखना पड़ा था।
ममता का बजा डंका….
- पश्चिम बंगाल में विधानसभा की चार सीटों के लिए हुए उपचुनाव में भाजपा को करारा झटका लगा है। प्रदेश के चार सीटों पर टीएमसी को पहली जीत रायगंज सीट पर मिली। ममता की तृणमूल कांग्रेस ने कोलकाता की मानिकतला सीट के अलावा उत्तर दिनाजपुर की रायगंज, पुरुलिया जिले की बागदा और नादिया जिले की रानाघाट दक्षिण सीट भी जीत ली है। रायगंज सीट पर टीएमसी उम्मीदवार कृष्ण कल्याणी ने जीत हासिल की है। उन्होंने भाजपा के मानस कुमार घोष को 50 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से पराजित किया है। 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान टीएमसी इस विधानसभा क्षेत्र में पीछे थी। इनमें से मानिकतला के अलावा बाकी तीन सीटें उसने भाजपा से छीनी हैं। भाजपा ने वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में इन सीटों पर जीत हासिल की थी।
- कोलकाता की मानिकतला सीट पर ममता ने पूर्व मंत्री साधन पांडे की पत्नी सुप्ती पांडे को प्रत्याशी बनाया था। साधन पांडे के निधन के कारण यहां उपचुनाव कराए गए थे। उन्होंने इस सीट पर भाजपा के वरिष्ठ नेता कल्याण चौबे को करीब 62 हजार से ज्यादा वोटों से पस्त किया। भाजपा को मतुआ बहुल बागदा सीट और नादिया जिले की रानाघाट दक्षिण सीट पर भी हार का सामना करना पड़ा है। बागदा में तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी मधुपर्णा ठाकुर जीत हासिल की है।
- रानाघाट दक्षिण में टीएमसी उम्मीदवार मुकुटमणि अधिकारी ने भाजपा के मनोज कुमार विश्वास को परास्त किया है। मुकुटमणि ने साल 2021 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर जीत हासिल की थ , लेकिन लोकसभा चुनाव से पहले वह टीएमसी में शामिल हो गए थे।
उत्तराखंड में कांग्रेस की जीत
उधर, उत्तराखंड में बद्रीनाथ से कांग्रेस के लखपत सिंह बुटोला ने भाजपा के राजेन्द्र सिंह भंडारी को परास्त किया है। बद्रीनाथ सीट से कांग्रेस विधायक राजेंद्र भंडारी के भाजपा में शामिल होने के बाद यह सीट खाली हुई थी। मंगलौर सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार काजी मोहम्मद निजामुद्दीन ने जीत दर्ज की है। इस सीट पर उन्होंने भाजपा के करतार सिंह भड़ाना को हराया है। मंगलौर सीट से बीएसपी के विधायक सरवत करीम अंसारी के निधन से यह सीट खाली हुई थी।
पंजाब में AAP ने मारी बाजी …..
जालंधर पश्चिम की सीट पर आम आदमी पार्टी के मोहिंदर भगत ने भाजपा के शीतल अंगुरल को 37 हजार से अधिक मतों वोटों से हरा दिया है। कांग्रेस इस सीट पर तीसरे नंबर पर रही। शीतल अंगुरल ने साल 2022 में हुए राज्य विधानसभा चुनावों में आप के टिकट पर चुनाव जीता था, लेकिन मार्च महीने में लोकसभा चुनावों के पहले वह भाजपा में शामिल हो गए थे। उनके पार्टी छोड़ने के बाद यह सीट खाली हुई थी।
बिहार में स्वतंत्र उम्मीदवार की जीत ….
बिहार की रूपौली विधानसभा सीट से निर्दलीय शंकर सिंह ने जीत हासिल की है। यह सीट जेडीयू विधायक बीमा भारती के आरजेडी में शामिल होने के बाद खाली हुई थी। बीमा भारती को आरजेडी ने लोकसभा चुनावों में मैदान में उतारा था, लेकिन वह चुनाव हार गई थीं। इस बार वह आरजेडी के टिकट पर रूपौली से चुनाव लड़ीं। इस सीट पर दूसरे नंबर पर जदयू के कालाधर प्रसाद मंडल हैं, बीमा भारती तीसरे नंबर पर हैं।
तमिलनाडु में डीएमके की जीत ….
तमिलनाडु की एकमात्र सीट पर डीएमके के अन्नियूर शिवा ने जीत दर्ज की है। उन्होंने पत्ताली मक्कल कच्छी (पीएमके) के उम्मीदवार अन्बुमनी को मात दी है।