
फाइल फोटो।
बलिया [ TV 47 न्यूज नेटवर्क ]। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बैरिया क्षेत्र में मंगलवार देर रात बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के जवानों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे 29 जवान घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब जवान दीपावली और छठ पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु बिहार के रोहतास से सीवान की ओर ड्यूटी के लिए जा रहे थे।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने बताया कि बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस की 18वीं बटालियन के जवान निजी बस में सवार थे। मंगलवार रात करीब साढ़े 12 बजे यह हादसा बैरिया थाना क्षेत्र के पास एक पेट्रोल पंप के निकट हुआ। बताया गया कि बस अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खाई में पलट गई, जिससे बस में सवार जवान घायल हो गए।
10 जवान गंभीर रूप से घायल
दुर्घटना के बाद घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल 10 जवानों को बलिया के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि बाकी 19 जवानों का उपचार बैरिया के सोनबरसा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। घायलों में से कुछ जवानों ने हादसे का कारण बस चालक की लापरवाही बताया है।
जवानों ने बताई दुर्घटना की वजह
घायल जवान अमित पांडेय और आशुतोष कुमार के अनुसार, चालक की लापरवाही इस दुर्घटना का मुख्य कारण थी। जवानों का कहना है कि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा पलटी। आशुतोष कुमार ने बताया कि चालक तेज गति से वाहन चला रहा था और नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ।
पुलिस और प्रशासन द्वारा घटना की जांच के आदेश
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। दुर्घटना की पूरी पड़ताल की जा रही है ताकि जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। बलिया के पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने घटना पर दुख जताया और घायल जवानों की जल्द से जल्द उपचार कराने का आश्वासन दिया है।