
सपा प्रमुख अखिलेश यादव की फाइल फोटो।
लखनऊ [ TV 47 न्यूज नेटवर्क ]। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के बहराइच में हुई सांप्रदायिक हिंसा पर भाजपा की तीखी आलोचना करते हुए दावा किया कि इस हिंसा में भाजपा के नेता शामिल थे। अखिलेश ने इसे हिटलर के जमाने की घटनाओं से तुलना करते हुए कहा कि जैसे हिटलर अपने कार्यकर्ताओं को पुलिस की वर्दी पहनाकर दंगाइयों को हिंसा करने की छूट देता था, ठीक उसी तरह भाजपा सरकार के तहत भी हिंसा की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है।
अखिलेश का भाजपा पर सीधा हमला
अखिलेश यादव ने बहराइच हिंसा में भाजपा नेताओं की संलिप्तता का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्तारूढ़ भाजपा के कुछ नेता इस हिंसा के पीछे थे। उन्होंने कहा कि बहराइच में दंगा करने का काम अगर किसी ने किया तो वे भाजपा के नेता थे। भाजपा के विधायक अपनी ही कार्यकर्ताओं पर मुकदमे दर्ज करा रहे हैं, जिनमें दंगे की साजिश की धाराएं शामिल हैं।
हिटलर से तुलना, पुलिस हटाओ और दंगा कराओ
अखिलेश यादव ने इस हिंसा के तरीके को हिटलर के जमाने की रणनीति से जोड़ा। उन्होंने कहा, “इसी तरह से हिटलर काम करता था। हिटलर अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को पुलिस की वर्दी पहनाकर आगे कर देता था। हिटलर के जमाने में यह होता था कि पुलिस को हटा दो और दंगा होने दो।” अखिलेश ने मीडिया में जारी एक वीडियो का भी जिक्र किया, जिसमें दिखाया गया है कि पुलिस हिंसा के दौरान कई घंटों तक मौके पर नहीं थी, और दंगाइयों को खुली छूट दी गई थी।
बेरोजगारी और महंगाई पर सरकार की असफलता
अखिलेश ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर जनता को कोई समाधान नहीं दे पा रही है। उन्होंने कहा, “भाजपा के लोग घबरा गए हैं, उनके पास महंगाई और बेरोजगारी का कोई जवाब नहीं है। इसीलिए वे ऐसे दंगे करवा रहे हैं।”
उपचुनाव में प्रशासन के दुरुपयोग का आरोप
अखिलेश यादव ने राज्य की नौ विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में प्रशासन के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रशासनिक तंत्र का इस्तेमाल कर रही है, लेकिन पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के लोग अब एकजुट हो गए हैं और भाजपा के खिलाफ खड़े हो रहे हैं।
उच्चतम न्यायालय की बुलडोजर पर रोक की प्रतिक्रिया
अखिलेश यादव ने बहराइच में बुलडोजर की कार्रवाई पर उच्चतम न्यायालय की रोक का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जब तक जनता भाजपा को सत्ता से बाहर नहीं करेगी, तब तक न्याय नहीं मिलेगा।