
सपा मुखिया व कन्नौज सांसद अखिलेश यादव।
कन्नौज, [ TV 47 न्यूज नेटवर्क ]। सपा मुखिया व कन्नौज सांसद अखिलेश यादव शुक्रवार को वन नेशन-वन इलेक्शन को लेकर भाजपा पर हमलावर रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा वन डोनेशन चाहती है, यानी एक बार में पूरा चंदा लेना चाहती है। वन नेशन वन इलेक्शन लोकतंत्र को खत्म करने साजिश है। इस दौरान उन्होंने पूर्व में दिए अपने बयान पर सफाई भी दी, कहा- वह साधु-संतों पर नहीं, मठाधीश मुख्यमंत्री पर टिप्पणी करते हैं।
जिले के दौरे पर आए अखिलेश यादव ने तिर्वा रोड स्थित सपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि भाजपा के डिप्टी सीएम खुद भ्रष्टाचार की शिकायत करते हैं। मंत्री और विधायक धरने पर बैठकर बोल रहे हैं कि लूट हो रही है। चुनाव में भाजपा रिफाइंड बांट रही थी, अब क्यों नहीं दे रही है।
वन नेशन-वन इलेक्शन पर कहा कि भाजपा चुनाव आयोग में भी अपने लोगों को आउटसोर्स पर बैठाना चाहती है। प्रदेश में महिलाओं के साथ अपराध हो रहे हैं। भाजपा के लोग यादव और मुस्लिम समाज के लोगों को झूठे मुकदमों में फंसा रहे हैं। एनकाउंटर में निशाना सीधा टांग पर पर ही लगता है।
प्रदेश में 18 हजार एनकाउंटर में दो सौ लोगों की जान गई है। पहले तहसील में लूट होती थी, अब भाजपा सरकार में थानों में खुलेआम लूट हो रही है। साधु-संतों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि कभी भी साधु-संतों और ऋषि-मुनियों पर टिप्पणी नहीं की है। हां, मठाधीश मुख्यमंत्री पर जरूर टिप्पणी की है।
उन्होंने कहा कि पता नहीं क्यों भाजपा के लोग कन्नौज से इतना नफरत करते हैं। यहां बिजली आ नहीं रही है, सिर्फ बिल बढ़कर आने के साथ पुलिस आ रही है। मेडिकल कालेज में उपचार की व्यवस्था ठप है। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष कलीम खान, पूर्व विधायक कलियान सिंह दोहरे, अरविंद सिंह यादव और जयकुमार तिवारी मौजूद रहे।