
UP CM Yogi in Moradabad File Photo
मुरादाबाद [ TV 47 न्यूज़ नेटवर्क] मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डा. भीम राव आंबेडकर पुलिस अकादमी में दीक्षा परेड की सलामी ली। परेड की कमांड उदित नारायण पालीवाल ने की। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर्वांग सर्वोत्तम प्रखर पांडेय, इंडोर सर्वोत्तम आकांक्षा पांडेय, आउट डोर सर्वोत्तम उदित नारायण पालीवाल को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने कहा कि आपने प्रशिक्षण के दौरान जो अनुशासन का प्रदर्शन किया वह सराहनीय है। दुनिया के सबसे बड़े पुलिस बल का हिस्सा बनने पर बधाई एवं शुभकामनाएं। आपने परिश्रम और लगन से सफलता प्राप्त किया। मुझे बताया गया कि प्रशिक्षण के दौरान, कानून व्यवस्था, विधि विज्ञान, फोरेंसिक, तीन नए कानून का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान जितना पसीना बहेगा उससे सेवा के दौरान उतना कम खून बहाने की स्तिथि रहेगी। प्रधानमंत्री जी ने स्मार्ट पुलिसिंग की संकल्पना दी है, उसके अनुसार अलर्ट हो, रिलायबल हो, टेक्नो सेवी, सक्षम हो, संवेदनशील हो। व्यवस्था में सुधार करते हुए लखनऊ में स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फोरेंसिक साइंस की स्थापना की गई है, ताकि अपराध की जांच स्पष्ट और कम समय में हो।
आपको सेवा के दौरान कठोरता और विनम्रता का समन्वय स्थापित करना है। आपकी यूनिफॉर्म को देखकर जनता में सुरक्षा और विश्वास का भाव जागना चाहिए। संवेदनशील पुलिस अधिकारी अपनी कर्तव्य निष्ठा से अपनी अलग छवि बना सकता है।
सुदृढ़ कानून व्यवस्था हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। इसलिए कई नीतिगत बदलाव किए गए। पुलिस व्यवस्था में सुधार किया गया। सात सालों में एक लाख 60 हजार पुलिस कर्मियों की भर्ती की गई। अभी 60 हजार से अधिक पदों के लिए पुलिस भर्ती परीक्षा सफलतापूर्वक और पारदर्शी तरीके से पूरी की गई।
ट्रेनिंग की क्षमता तीन गुना तक बढ़ाई गई है। पुलिस व्यवस्था को बेहतर बनाने का परिणाम है कि सात सालों में एक भी दंगा नहीं हुआ। आज प्रदेश सुशासन का मॉडल बना है। आज ये 74 पुलिस उपाधीक्षक पुलिस बल का हिस्सा बनने जा रहे हैं। इसमें 18 बेटियां पुलिस बल का हिस्सा बनी हैं। उनके अभिभावकों को ह्रदय से बधाई।
यह भी पढ़ें : योगी आदित्यनाथ ने यूपी में 7 साल 148 दिन तक सीएम रहने का रिकॉर्ड बनाया
यह भी पढ़ें : UP Majhawan Assembly by Election : दांव पर लगी योगी की प्रतिष्ठा, जानें क्या है जातीय समीकरण