
प्रयागराज उत्तर भारत का सबसे गर्म जिला। फाइल फोटो।
नई दिल्ली [TV47 न्यूजनेटवर्क] । प्रयागराज उत्तर भारत का सबसे गर्म जिला बन गया है। प्रयागराज तीसेर पायदान से पहले पायदान पर पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश में गर्मी और लू से 170 लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में अभी दस दिनों तक भीषण गर्मी झेलनी पड़ेगी। इस इलाके में 24 जून को मानसून आने की उम्मीद है, इसके बाद ही यहां राहत मिलेगी। हालांकि, 18 या 19 जून को हल्के बादल होने के कारण लोगों को कुछ राहत मिलेगी। 20, 21, 22 और 23 जून को उत्तर भारत के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। इससे कुछ इलाकों में तापमान गिरेगा। उत्तर प्रदेश के तराई इलाकों में कुछ राहत मिलेगी। हालांकि, अभी मानसून आने में दस दिनों का वक्त लगेगा, तभी लोगों को गर्मी से स्थायी राहत मिलेगी।
गर्मी और लू से UP में 170 लोगों की मौत
यूपी में भीषण गर्मी और लू लगने से 55 घंटों के दौरान 169 लोगों की मौत हो चुकी है। पूर्वांचल के चार जिलों में 50 लोगों की जान जा चुकी है। वाराणसी में ही 33 लोगों की मौत हो चुकी है। गाजीपुर, मिर्जापुर और चंदौली 17 लोगों की जान गई है। बुंदेलखंड में 30 लोगों की मौत की खबर है। सबसे ज्यादा मौतें कानपुर में 26, हमीरपुर में 19 , चित्रकूट में 14, फतेहपुर में 13, महोबा में 12, बांदा और औरैया में छह-छह और जालौन में तीन व फर्रुखाबाद में एक व्यक्ति की जान जा चुकी है। फिरोजाबाद, शिकोहाबाद और टुंडला में भी एक-एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। वहीं, गर्मी और लू के चलते प्रयागराज में आठ, कौशांबी में पांच, प्रतापगढ़ में दो लोगों की मौत हो चुकी है।
पहाड़ी क्षेत्रों में भी पड़ रही भीषण गर्मी
उत्तराखंड में पहाड़ों की रानी मसूरी का तापमान 33 डिग्री दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्मी के कारण मालरोड जैसी व्यस्त सड़क पर भी सन्नाटा पसरा रहा। जम्मू के कठुआ में अधिकतम तापमान 44.8 और न्यूनतम 28.6 डिग्री दर्ज किया गया। हिमाचल के नौ जिले सिरमौर, मंडी, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, शिमला, सोलन, कांगड़ा और कुल्लू लू की चपेट में हैं। हिमाचल प्रदेश के ऊना में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री रिकार्ड किया गया। कुल्लू में बारिश के कारण तापमान में पांच से सात डिग्री तक गिरावट आई है।
हरियाणा और पंजाब में पारा 46 डिग्री के करीब
हरियाणा और पंजाब के ज्यादातर जिलों में पारा 46 डिग्री के आस-पास है। हरियाणा में फरीदाबाद और सिरसा में लू का सबसे अधिक प्रभाव रहा। फरीदाबाद में पारा 46.6 और सिरसा में 46.2 डिग्री तक चढ़ गया। गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री रहा। चंडीगढ़ में 44.5 डिग्री, पंजाब के फरीदकोट में 46 डिग्री और पठानकोट में 45.8 डिग्री तापमान रिकार्ड किया गया। पंजाब में बठिंडा और हरियाणा के जिंद जिले के पिंडारा में तापमान सबसे अधिक 46.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
राजधानी दिल्ली में पारा 45 के पार
राष्ट्रीय राजधानी प्रचंड गर्मी है। दिल्ली का पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। यह तापमान सामान्य से 6.4 डिग्री ऊपर है। मौसम विभाग ने गर्मी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया था। दिल्ली में भीषण लू की स्थिति बनी रही। दिल्ली में न्यूनतम तापमान अधिक होने से रात में भी लू और भीषण गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। हालांकि, मौसम विभाग ने 19 जून से कुछ राहत की उम्मीद जताई है। राजधानी के कुछ क्षेत्रों में बारिश हो सकती है।
उत्तर भारत के आठ सबसे गर्म जिले
प्रयागराज 47.6
झांसी 47
काशी 46.8
गंगानगर 46
हमीरपुर 46
खुजराहो 46
अमृतसर 46
पिलानी 46